फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Muzaffarnagar News ›   Kisan Mahapanchayat at Government Inter College, Muzaffarnagar

महापंचायत में किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार को ललकारा

Sat, 30 Jan 2021 12:20 AM IST
Meerut Bureau मेरठ ब्यूरो
Updated Sat, 30 Jan 2021 12:20 AM IST
विज्ञापन
Kisan Mahapanchayat at Government Inter College, Muzaffarnagar
मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को संबोधित करते भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत। - फोटो : MUZAFFARNAGAR
महापंचायत में किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार को ललकारा
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में शुक्रवार को आयोजित महापंचायत में मंच से केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। किसान और विपक्षी दलों के नेताओं ने हुंकार भरी कि किसानों का लाठी के बल पर दमन सहन नहीं किया जाएगा। मोदी और योगी सरकार को किसानों को बदनाम करने से बाज आना चाहिए। किसान देशभक्त हो सकता है कभी गद्दार नहीं हो सकता। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित अन्य किसानों पर दर्ज मुकदमे से किसानों में गुस्सा है। कृषि बिल को हर हाल में केंद्र सरकार को वापस लेना चाहिए। मांग मनवाने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा।
महापंचायत में दिल्ली से आए आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि किसानों की लड़ाई में आम आदमी पार्टी पूरी तरह साथ है। मोदी और योगी की राकेश टिकैत को जेल में रखने की हिम्मत नहीं। राकेश के साथ गिरफ्तारी देने में आप नेता पीछे नहीं हटेंगे। योगी के काले कारनामों का वह हिसाब जरूर लेंगे। दिल्ली में हिंसा कराने वाले भाजपा के लोग हैं। किसान राष्ट्र का अपमान नहीं कर सकता। जांच होनी चाहिए, धार्मिक झंडा फहराने वाले के पीएम और गृहमंत्री के साथ फोटो हैं। योगी संसद में एफआईआर दर्ज होने पर रोये थे और राकेश टिकैत किसानों के सम्मान के लिए रो रहे हैं। दोनों में बड़ा फर्क है। दिल्ली में किसानों के लिए पानी और भोजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रधानमंत्री अपने भाषण में झूठ बोल रहे हैं, एमएसपी का कोई प्राविधान इस कानून में नहीं है। कृषि बिल फाड़ने पर संसद से मुझे निलंबित किया गया, देश की जनता अब इस सरकार को निलंबित करेगी।
विज्ञापन

जाटों ने दो बड़ी गलती की: जौला
मुजफ्फरनगर। किसान नेता और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के साथी रहे गुलाम मोहम्मद जौला ने मंच से कहा कि जाटों ने दो बड़ी गलती की है। पहली गलती 2013 में मुसलमानों को काट कर की और दूसरी गलती चौधरी अजित सिंह को चुनाव हराकर की। ये दोनों गलती ना करते तो मोदी चाय बेचता और योगी गाय चराता मिलता।
विज्ञापन
विज्ञापन

लड़ाई में साथ खड़े हुए खाप चौधरी
मुजफ्फरनगर। मंच पर खाप चौधरियों ने किसान सम्मान में एकजुटता की बात कही। अहलावत खाप के गजेंद्र अहलावत, गठवाला खाप के राजेंद्र मलिक, लाटियान खाप के वीरेंद्र सिंह, जटराणा खाप के अजय सिंह, देशवाल खाप के शरणवीर सिंह, तालियान खाप के सुधीर, कालखंडे खाप के संजय सिंह, सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान, देशखाप के सुरेंद्र तोमर, अखिल भारतीय जाट महासभा के धमेंद्र तोमर ने टिकैत परिवार को खुला समर्थन दिया।
कृषि मंत्री मोदी के कारिंदे: मलिक
मुजफ्फरनगर। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि 100 से अधिक किसानों की मौत पर मोदी के मुंह से एक शब्द नहीं निकला, इससे इस सरकार की संवेदनशीलता का पता लगता है। इस सरकार में केवल मोदी और शाह की चलती है बाकी सब कारिंदे है, जिनके हाथ में कुछ नहीं है। कृषि कानून पर किसानों को लेकर ये संवेदनशील होते तो सीधे बात करते। कृषि मंत्री तो कारिंदे हैं ये क्या बात करेंगे। लाल किले पर तिरंगे का अपमान किसी ने नहीं किया। भाजपा किसानों को बदनाम कर रही है। किसान कौम पूरी तरह राकेश टिकैत के साथ है।
जाटों की साथ दूसरी किसान जातियां खड़ी हों: सैनी
मुजफ्फरनगर। पूर्व सांसद और बसपा नेता राजपाल सैनी ने कहा कि राकेश टिकैत सभी किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं। जाट समाज के साथ दूसरी किसान जातियों को भी आगे आना चाहिए। जो कानून है वो सभी किसानों पर लागू होगा। उन्होंने लोगों को हिंदू-मुस्लिम एकता की शपथ भी दिलाई।
किसान की आत्मा रोई है: पंकज
मुजफ्फरनगर। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक ने कहा कि राकेश टिकैत की आंख में आंसू देखकर किसान की आत्मा रोई है। भाजपा के कुछ गुंडे इस आंदोलन को खत्म करना चाहते हैं। इन घटनाओं पर मोदी और योगी को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस पूरी तरह टिकैत परिवार के साथ है।
बक्कल नहीं गरदन भी तार देंगे: राठी
रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी पूरे जोश में नजर आए। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि हम बक्कल और खाल ही नहीं बात सम्मान की आएगी तो सर भी उतार लेंगे।
सर पर कफन बांध दिल्ली चलो
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर के पूर्व विधायक इमरान मसूद ने किसानों से आह्वान किया कि वह सर पर कफन बांधकर दिल्ली कूच करें। राकेश टिकैत की आंख में जब से आंसू देखे, मेरी आंख में भी आंसू हैं। भाजपा नफरत के नाम पर सियासत कर रही है। भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना है।
हाथ उठाने वाले को नेस्तनाबूद कर देना
मुजफ्फरनगर। कैराना विधायक नाहिद हसन ने कहा कि किसान पर हाथ उठाने वाले को नेस्तनाबूद कर देंगे। भाजपा ने किसानों के साथ छल किया है। जिन किसानों ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाया वह गर्त में भी पहुंचा देंगे। भाजपा ने राकेश टिकैत से पंगा ले शेर के मुंह में हाथ डाला है।
चौधरी अजित की धमकी से पीछे हटा प्रशासन
मुजफ्फरनगर। रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि वह रात में गाजीपुर बॉर्डर पर थे। दो रात से पुलिस प्रशासन जिस तरह से परेशान कर रहा हम जानते हैं। कल रात जब राकेश टिकैत को घेरने की कोशिश की गई, तो चौधरी अजित सिंह ने प्रशासन को चेतावनी दी कि राकेश को छेड़ा तो झेल नहीं पाओगे। उसके बाद ही प्रशासन पीछे हटा।
गुर्जर बिरादरी भाकियू के साथ
मुजफ्फरनगर। पूर्व उप मुख्यमंत्री नारायण सिंह के पौत्र सपा नेता चंदन चौहान ने कहा कि किसानों के आंदोलन में गुर्जर बिरादरी टिकैत परिवार के साथ है। बात शक्ति प्रदर्शन की होगी तो गाजीपुर बार्डर पर कूच करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। अखिल भारतीय गुर्जर समाज ने भी किसानों का समर्थन किया है।
लड़े जाट फायदा सबका हो: आलम
मुजफ्फरनगर। पूर्व सांसद रालोद नेता अमीर आलम खान ने कहा कि किसान केवल जाट नहीं है। पश्चिम में मुसलमान, ठाकुर, सैनी, त्यागी, गुर्जर भी बड़ी संख्या में किसान है। लड़ाई केवल जाट ही लड़ता है और फायदा सबका होता है। जो दूसरी किसान जातियां उन्हें भी सहयोग करना चाहिए।

इन लोगों ने भी रखे विचार
मंच से विचार रखने वालों में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह जादौन, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, सपा नेता राकेश शर्मा, गौरव स्वरूप, हाजी लियाकत, शेर सिंह राना, रालोद नेता पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, संजय राठी, पूर्व विधायक नवाजिश आलम खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक, कांग्रेस विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, श्यामपाल सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह, मतलूब गौड़ आदि शामिल रहे। अध्यक्षता चौधरी नरेश टिकैत और संचालन नीटू दुल्हेरा और राजू अहलावत ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed