शव को हाईवे पर रखकर जाम लगाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव फुगाना निवासी नानू की पुत्री आरती (19) बुधवार को खेत से लौटते समय रास्ते में लापता हो गई थी। आरती का शव बृहस्पतिवार को गांव के ही मास्टर धर्मपाल के गन्ने के खेत के बीच पड़ा मिला था। आरती की गला रेतकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को अल सुबह आरती का शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। पूर्व प्रधान मोनू के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाऐं एवं पुरुष आरती के शव को लेकर मेरठ करनाल हाईवे पर गांव के अड्डे के सामने पहुंच गए। शुक्रवार को प्रात: करीब आठ बजे ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीच रखकर जाम लगा दिया। इसी दौरान शामली की ओर से आई रोडवेज की बस में ग्रामीणों ने लाठ डंडों से तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही थाना फुगाना के अलावा भौराकलां, बुढ़ाना और शाहपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। एसएसपी और एसपी देहात के जनपद से बाहर होने के कारण मौके की कमान एसडीएम श्याम अवध चौहान ने संभाली। इसी बीच भाजपा नेता उमेश मलिक, नितिन मलिक और बसपा के पूर्व सांसद कादिर राना भी मौके पर पहुंच गए। धरनास्थल पर पूर्व प्रधान मोनू मलिक व उमेश मलिक ने फुगाना पुलिस पर समय पर सूचना मिलने के बाद भी आरती की तलाश न करना और हत्या के बाद हत्यारों की गिरफ्तारी न करने के आरोप लगाए।
इंस्पेक्टर बुढ़ाना डीके त्यागी ने ग्रामीणों को समझाते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को कुछ समय देने की बात कही। चार घंटे की भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम श्याम अवध चौहान ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए दो का समय मांगा। एसडीएम ने शासन से पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाने का भी आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसे बाद ही परिजन आरती के शव को हाईवे से उठाकर अपने घर ले गए। हत्यारों की तलाश में साक्ष्य एकत्र करने के लिए पुलिस तथा डॉग स्क्वायड की टीम ने गन्ने के खेत खंगाले। जाम लगाने वालों में ग्रामीण सौराज, प्रमोद, अशोक, सतपाल, राममेहर, बिल्लू, रामसिंह, राकेश, विनोद, महिला रूबी, कमला, बाला आदि महिलाएं एवं पुरुष रहे।
अंतिम संस्कार करने से इंकार
बुढ़ाना। हाईवे पर जाम खोलने के बाद शव को अपने घर लेकर पहुंचे परिजनों ने आरती का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक हत्यारे नहीं पकड़े जाएंगे, वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसी बीच पहुंचे केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने भी परिजनों से अंतिम संस्कार करने की बात कही तो उसे भी नकार दिया गया। ग्रामीणों की बात भी परिजनों ने नहीं सुनी। देर रात तक आरती का शव उसके घर पर रखा हुआ है और पुलिस बल मौके पर मौजूद है।