एशियाई खेलों में चमका भारत: मुजफ्फरनगर के पुनीत, बागपत के नितीश व नीरज और शामली के आशीष ने जीता रजत
चीन के हांगझोऊ में शुरू हुए 19वें एशियाई खेलों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का पहले दिन जलवा रहा। पहले दिन तीन खिलाड़ियों ने तीन रजत पदक जीते हैं।
विस्तार
चीन के हांगझोऊ में शुरू हुए 19वें एशियाई खेलों में पश्चिमी यूपी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत पदक जीते हैं। इनमें मुजफ्फरनगर के पुनीत, बागपत के नितीश व नीरज और शामली जनपद के आशीष शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर के पुनीत ने नौकायन में जीता रजत
चीन के हांगझोऊ में शुरू हुए 19वें एशियाई खेलों में काकड़ा के दिलेर खिलाड़ी पुनीत कुमार ने नौकायन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। कामयाब पर गांव में जश्न का माहौल है। किसान पिता कहते हैं कि चांदी जीत ली है, अब बेटे से स्वर्ण की उम्मीद है।
बुढ़ाना मार्ग पर बसे काकड़ा गांव की पहचान कबड्डी खिलाड़ियों के दम पर है, लेकिन अब इसी गांव के रोइंग खिलाड़ी पुनीत कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर दिखाया है।
किसान जितेंद्र कुमार के बेटे ने नौकायान की टीम स्पर्धा पुरुष-8 में रजत पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। सोमवार को भी पुनीत दूसरी स्पर्धा में भाग लेगा। गृहणी माता सुमन देवी का कहना है कि इस बार स्वर्ण की उम्मीद है। पुनीत ने अच्छी तैयार की है।
सेना में हवलदार है पुनीत
पिता ने बताया कि पुनीत 2013 में सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुआ था। सेना की ओर से खेलने का मौका मिला, इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक पदक जीते। एक बहन पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन आरती अविवाहित है।
पिछले साल एशियन चैंपियनशिप में जीता था कांस्य
पिछले साल पुनीत ने थाईलैंड में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर कांस्य पदक हासिल किया था। पुनीत अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आठ पदक जीत चुका है।
पदक मिलते ही खुशी जताने पहुंचे लोग
पुनीत ने जैसे ही चीन में पदक जीता, लोग उनके आवास पर बधाई देने पहुंचे। ग्रामीणों ने नौकायन खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना की।
रोइंग में शामली के खिलाडी ने जीता रजत पदक, गांव में छाई खुशी
19वें एशियाई खेलों में कंजरहेड़ी के खिलाड़ी आशीष कुमार ने नौकायन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। उनकी कामयाबी पर गांव में जश्न का माहौल है। किसान पिता कहते हैं कि बेटे ने चांदी जीत ली है, अब उससे स्वर्ण की उम्मीद है।
कंजरहेड़ी गांव के खिलाड़ी लगातार अपनी पहचान बनाए हुए हैं। अब इसी गांव के रोइंग खिलाड़ी आशीष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर दिखाया है। गांव के बेटे ने नौकायान की टीम स्पर्धा पुरुष-8 में रजत पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। सोमवार को भी आशीष ने दूसरी स्पर्धा में भाग लिया और रजत पदक जीता। आशीष की कामयाबी पर गांव में जश्न का माहौल है। आशीष के पदक जीतने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों का परिजनों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। पिता बालेंद्र सिंह का कहना है कि अब उसने चांदी जीती है अब बेटे से स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है।
सेना में हवलदार है आशीष
पिता बालेंद्र सिंह ने बताया कि आशीष 2019 में सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुआ था। सेना की ओर से खेलने का मौका मिला, इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक पदक जीते।
नीतीश के पदक जीतने पर मवीखुर्द में मनाई खुशी, मिठाई बांटी
चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में भारत की रोइंग टीम ने रजत पदक जीता। इसमें बागपत जिले के मवीखुर्द गांव के रहने वाले सेना के जवान नीतीश कुमार उर्फ नीतीश उज्ज्वल भी शामिल रहे। नीतीश के पदक जीतने की खुशी में मवीखुर्द गांव में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
भारत की रोइंग टीम ने रजत पदक जीतकर देश को एशियन गेम्स में एक ओर पदक दिलाया है। भारत की रोइंग टीम में मवीखुर्द गांव केे रहने वाले सेना के जवान नीतीश उज्ज्वल ने शामिल रहकर अच्छा प्रदर्शन किया। मवीखुर्द के ग्रामीणों ने टीवी पर भारत की रोइंग टीम का शानदार प्रदर्शन देखा। जिनके पदक जीतने पर गांव में खुशी का माहौल बन गया और परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
पिता भी सेना में सूबेदार रहे तो पत्नी यूपी पुलिस में कांस्टेबल
नीतीश के पिता गुलबीर सेना में सूबेदार रहे हैं, जो कुछ साल पहले ही सेवानिवृत्त हुए हैं। नीतीश का बड़ा भाई मनीष खेतीबाड़ी करता है और नीतीश की पत्नी निधि यूपी पुलिस में रामपुर में कांस्टेबल है। मां सुनीता देवी है और बहन सारिका उज्ज्वल असिस्टेंट प्रोफेसर है।