देवबंद (सहारनपुर)। पूर्ति विभाग की टीम ने चंदेना कोली गांव में अवैध रूप से चल रहे बायो पेट्रोल-डीजल पंप पर छापा मारा। इस दौरान मौके से 250 लीटर अपमिश्रित डीजल और 54 लीटर पेट्रोल कब्जे में लेकर पंप को सील कर दिया गया। टीम द्वारा पंप स्वामी व उसके नौकर के खिलाफ 3/7 में कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई।
मुखबिर की सूचना पर पूर्ति विभाग को चंदेना कोली गांव में बायो पंप के अवैध रूप से चलने की सूचना मिली। जिसके बाद उच्चाधिकरियों के निर्देश पर बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह, पूर्ति निरीक्षक देवबंद हृदयेश कुमार, पूर्ति निरीक्षक रामपुर मनिहारान आनंद प्रकाश, पूर्ति निरीक्षक नकुड़ डॉ. दीपांकर शर्मा, पूर्ति लिपिक अरुण कुमार और राजीव शर्मा की संयुक्त टीम ने छापामारी की। वहां पर टीम सेल्समैन कूकड़ा (मुजफ्फरनगर) निवासी एक युवक बाइक में तेल डालता मिला। उसने अधिकारियों को बताया कि वह 20 दिन पहले ही पंप पर आया है। टीम को पंप पर कोई वैध कागजात नहीं मिले। मौके से 2 ड्रमों में करीब 250 लीटर अपमिश्रित डीजल और दो कैन में करीब 54 लीटर पेट्रोल मिला। जिसके कब्जे में मेसर्स तलहेड़ी सर्विस स्टेशन के कर्मचारी देव कुमार की सुपुर्दगी में इस निर्देश के साथ दिया गया कि वह उसे खुर्द बुर्द नहीं करेंगे। मांगने पर सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इस बीच मौका पाकर सेल्समैन फरार हो गया। अधिकारियों ने बताया कि उक्त कृत्य अवैधानिक है। जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। पूर्ति निरीक्षक हृदयेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति मिलने पर पंप स्वामी अवनीश निवासी सहारनपुर और उसके नौकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पंप स्वामी व नौकर के खिलाफ 3/7 में मामला दर्ज कर लिया गया है।