जानसठ। एसपी सिटी के कार्यालय में तैनात क्षेत्र के गांव तिसंग निवासी होमगार्ड के जवान शमशाद मलिक (52) की सुबह के समय हार्ट अटैक से मौत गई। वह सुबह मॉर्निंग वाक के लिए निकला था। दोपहर के समय गमगीन माहौल में गांव में ही शव को सुपुर्द-ए-खाक किया।
शमशाद मलिक पिछले लगभग सात साल से मुजफ्फरनगर में एसपी कार्यालय में तैनात था। वह डयूटी के लिए रोजाना घर से ही आना-जाना करता था। रोजाना की तरफ वह सुबह को लगभग छह बजे मॉर्निंग वाक पर जा रहा था। गांव के बाहर घर से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में वह सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। गांव के लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे निजी वाहन से खतौली अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में शोक छा गया। यह सूचना परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को भी दी। जानकारी पाकर एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, सीओ जानसठ यतेेंद्र नागर व जानसठ थाना पुलिस के अलावा एसएसपी व एसपी सिटी कार्यालय में तैनात कर्मचारी गांव में पहुंचे। सभी ने शोक संवेदना व्यक्त की। दोपहर में शव को गांव में ही सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान गांव के सैकड़ों लोग व पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे। एसएसपी कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी अनिता ने बताया कि शमशाद मिलनसार, हंसमुख तथा डयूटी के प्रति गंभीर रहता था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी शोक व्यक्त किया है।