मिरगपुर में बाबा फकीरादास के जन्मोत्सव पर निकाली भव्य झांकी
देवबंद (सहारनपुर)। मिरगपुर गांव में बुधवार की रात श्री गुरु बाबा फकीरादास का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भव्य झांकी भी निकाली गई।
ग्रामीण अंकुर पंवार, प्रभात पंवार और विशाल पंवार ने बताया कि श्री गुरु बाबा फकीरादास जी का जन्म राजस्थान के जोधपुर रियासत के इंद्रपुर नामक एक छोटी रियासत में हुआ था। फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष में श्री गुरु बाबा फकीरा दास भ्रमण के दौरान हरिद्वार से लंढोरा होते हुए मिरगपुर आए थे। जिसके उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष गांव में विशाल मेला आयोजित किया जाता है। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के कायाकल्प व विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि दी गई है। ग्रामीणों ने सरकार से मिरगपुर गांव को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने तथा गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में शुद्ध शाकाहारी गांव दर्ज कराने की मांग की। बता दें कि सहारनपुर जनपद का मिरगपुर पूर्णत नशामुक्त गांव है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में इस गांव को पवित्र गांव प्रमाणित किया है। यह सब संभव हुआ 500 वर्ष पहले आए श्री गुरु बाबा फकीरादास के द्वारा गांव वालों को दिलाई गई प्रतिज्ञा से। उनकी प्रतिज्ञा का आज भी पूरा गांव पालन कर रहा है। इस मौके पर मुन्नू चौधरी, महीपाल भंडारी, सपुरा प्रधान, रफल सिंह, विक्रम सिंह, भुल्लन सिंह, संसार सिंह, ऋषि प्रधान, धीर सिंह, सुंदर प्रधान, वीरेंद्र सिंह देविंदर, बूंदा सिंह, कंवरपाल मास्टर आदि मौजूद रहे।