खादर क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात
पुरकाजी। उत्तराखंड की पहाड़ियों से लगातार पानी आने व क्षेत्र में हो रही बारिश से शनिवार को पुरकाजी के खादर क्षेत्र की सोलानी नदी उफान पर आ गई। पानी के रास्तों व रपटे पर आ जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
खादर क्षेत्र में उत्तराखंड की पहाड़ियों से लगातार आ रहे पानी व क्षेत्र में हो रही बारिश से खादर क्षेत्र की सोलानी नदी का जलस्तर शनिवार को फिर बढ़ जाने से नदी उफान पर आ गई। पानी कई गांवों के रास्तों पर भर गया, जिससे गांव रामनगर, रजकल्लापुर रतनपुरी, भदौला, भदोली, पांचली, धुममनपुरी आदि गांव में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। राजू प्रजापति, सरदार कुलवंत सिंह विर्क, राजेंद्र पांचली, ज्ञानी जसविंदर सिंह, साधू राम, बिजेंद्र सिंह, पहल सिंह, कैराज सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांवों के रास्तों पर व खेतों और जंगलों में पानी भरा होने के कारण ग्रामीण खेतों पर नहीं जा रहे हैं। पशुओं के लिए चारे की समस्या बनी हुई है और क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। उधर, गांव शेरपुर के रपटे पर पानी आ जाने से पुरकाजी लक्सर रोड पर जाने वाले मुसाफिरों को भी पानी से ही होकर गुजरना पड़ा।

पुरकाजी के शेरपुर खादर में रपटे पर आए पानी से गुजरते मुसाफिर।- फोटो : MUZAFFARNAGAR