बागपत। यूपी सिडको के चेयरमैन वाईपी सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों के समय में केंद्रीय बजट के बाद कहा जाता था कि यह बजट साहूकारों के लिए आया है। मगर, अब गरीब, किसान, मजदूरों के लिए बजट आता है। हर वर्ग के उत्थान के लिए बजट आता है। चेयरमैन वाईपी सिंह बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जहां उन्होंने कहा कि बजट में 12 लाख रुपये तक की आय वालों को कर की श्रेणी से बाहर रखा गया, जिससे सबसे ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा। कहा कि किसानों के क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले लोन को तीन की जगह पांच लाख रुपये तक करने पर कहा कि इससे किसानों को सूदखोरों के चंगुल में नहीं फंसना पड़ेगा। वह क्रेडिट कार्ड पर कम दरों पर लोन लेकर अपनी खेती की बेहतरी के लिए खर्च कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर भी सरकार संवेदनशील है। जिस तरह से गन्ना भुगतान की स्थिति को सुधारा है, उस तरह समय-समय पर गन्ना मूल्य बढ़ाने के लिए भी काम किया है। कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को ऊपर लेकर जाने में मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय, बिजेंद्र शर्मा एडवोकेट, प्रदीप ठाकुर, अनिल चौहान, राकेश जैन, नीरज कौशिक, पवन शर्मा, डा. विनय त्यागी, जसवीर सोलंकी, प्रमोद खोखर, महेश आर्य आदि मौजूद रहे।