मीरापुर उपचुनाव: ककराैली में खूब हुआ बवाल, पहले जाम फिर पथराव, पुलिस ने दाैड़ाया, SO ने पिस्टल लहराई
आरोप है कि आधार कार्ड व पर्ची में गड़बड़ी बताकर पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद मतदाता ककरौली में बस अड्डे पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जानसठ-मोरना मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के वाहन भी जाम में फंस गए।
विस्तार
एसओ राजीव शर्मा, हेड कांस्टेबल विक्रांत, सिपाही शैलेंद्र भाटी और नवीन घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को दौड़ाया। एसओ का महिला मतदाताओं की ओर पिस्टल तानते हुए वीडियो वायरल हुआ। एसएसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि वीडियो का सिर्फ एक हिस्सा दिखाया गया है। ककरौली में सुबह लगभग पौने आठ बजे कुछ मतदाता किसान इंटर काॅलेज में बूथ नंबर 132 और 134 पर वोट डालने पहुंचे।
पुलिस ने लाठी फटकार कर सभी को दौड़ा दिया। भीड़ में शामिल कुछ युवा एक गली में जा घुसे और पुलिस के ऊपर पथराव कर दिया। पुलिस और भीड़ के बीच मोर्चेबंदी की स्थिति बन गई। इसी बीच पीएसी व अर्द्धसैनिक बल भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी आरोप भाग गए।
पथराव करने वाले लोगों के भागने के बाद ककरौली थाना पुलिस ने पीएसी व अर्द्धसैनिक बल के साथ गांव की गलियों में पैदल मार्च किया। इस दौरान ककरौली थाना प्रभारी राजीव शर्मा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
एसएसपी ने ली मामले की जानकारी
हंगामे और पथराव होने के कुछ देर बाद एसएसपी अभिषेक सिंह भी ककरौली पहुंचे। उन्होंने गांव केे दूसरे मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने किसान इंटर कॉलेज व घटना के बारे में जानकारी ली।
सीकरी में हंगामा, पुलिस ने लाठी फटकार कर भगाया, बेरिकेडिंग टूटी
भोपा क्षेत्र के गांव सीकरी के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया था। दोनों विद्यालयों में मतदान चल रहा था। लेकिन गांव के कुछ लोगों का कहना था कि पुलिस वोट डालने जाने नहीं दे रही हैं। इससे सभी में नाराजगी थी।
लगभग 12 बजे आसपा प्रत्याशी जाहिद हुसैन समर्थकोंं के साथ गांव में पहुंचे और लोगों को साथ लेकर मतदान केंद्र की तरफ जाने लगे तो पुलिस ने धारा 144 का हवाले देते हुए भीड़ को हटने के लिए कहा। इस पर वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने लाठी फटकारी तो लोग भाग गए। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर बेरिकेडिंग तोड़ने व धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
डीएम से सपा व आसपा प्रत्याशी ने की शिकायत
डीएम उमेश मिश्रा ने सीकरी गांव में पहुंच कर मामले की जानकारी ली। इस दौरान कुछ देर ही पहले मौके पर पहुंची सपा प्रत्याशी सुम्बुल राना व आसपा प्रत्याशी जाहिद हुसैन ने डीएम से शिकायत कर पुलिस पर वोट न डालने देने का आरोप लगाया। डीएम ने उनसे साक्ष्य मांगते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएम के हस्तक्षेप के बाद मतदान शुरु हुआ।
वीडियोग्राफी भी कराई गई
सपा प्रत्याशी सुम्बुल राना अपने समर्थकों के साथ सीकरी गांव पहुंची थीं। उन्होंने वहां पर एसडीएम सदर निकिता शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप से पुलिस पर वोट न डालने देने की शिकायत की। तो दोनों अधिकारियों ने लोगों को वोट डालने के लिए समझाया और गांव में वीडियोग्राफी भी कराई।
एसओ ककरौली राजीव शर्मा का महिला मतदाताओं पर पिस्टल तानने का वीडियो वायरल हुआ है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर इसे पोस्ट किया तो देशभर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। इस दौरान एसएसपी अभिषेक सिंह ने बयान जारी कर कहा कि वीडियो को आधा दिखाया गया है। झड़प के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने सूक्ष्म बल प्रयोग किया। उपद्रवी भाग गए और महिलाओं को आगे कर दिया गया।