UP: पहले भाईचारे के रंग से होली, फिर अमनो-अमान का जुमा, मिश्रित क्षेत्रों में बदला नमाज का समय
मुजफ्फरनगर में दुल्हैंडी और रमजान का दूसरा जुमा एक साथ होने के कारण मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में जुमे की नमाज का समय बदला गया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में दुल्हैंडी और रमजान का दूसरा जुमा एक साथ होने के कारण मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में जुमे की नमाज का समय बदला गया है। शहर की 16 मस्जिदों की इंतजामिया कमेटी की ओर से जुमे की नमाज दो बजे के बाद अदा कराए जाने की बात कही है। शांति समिति की बैठक में जिला प्रशासन के सुझाव पर इमाम और मस्जिद इंतजामियां कमेटी ने निर्णय लिया है।
इस साल फाग 14 मार्च को है। पवित्र माह रमजान भी चल रहा है। रमजान का दूसरा जुमा भी फाग के दिन ही पड़ रहा है। आम तौर से रमजान में जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिमों में विशेष उत्साह रहता है। मस्जिदों में आम दिनों के सापेक्ष रमजान के जुमे में नमाजियों की संख्या काफी रहती है। होली पर हुरियारों की टोलियां भी रंग-गुलाल उड़ाते हुए इधर से उधर घूमती हैं।
मिश्रित आबादी वाली मस्जिदों के इमाम और इंतजामिया कमेटियों ने सकारात्मक रुख अपनाया। इमाम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुफ़्ती जुल्फीकार ने बताया कि शांति समिति की बैठक में एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी ने जुमे की नमाज होने को लेकर आपसी सहमति बनाकर जुमे की नमाज का समय परिवर्तित करने का एक प्रस्ताव रखा था।
इन 16 मस्जिदों में बदला गया जुमे की नमाज का समय
थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मस्जिद शाह इस्लाम, शहर कोतवाली क्षेत्र की गुल्लर वाली गली, हौजवाली, मस्जिद सुनहरी, मस्जिद आबकारी, मस्जिद इमली वाली, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मस्जिद रेलवे स्टेशन, मस्जिद नौशाबाद सादात हास्टल, मस्जिद छप्पर वाली, ताकिया कोरेशाह, मस्जिद नूरावाली, मस्जिद शामली बस स्टैंड और मस्जिद हिदायत एवं मस्जिद नुमाइश कैंप रामपुरम गेट सहित 16 मस्जिदों में जुमे की नमाज का समय दो बजे के बाद रखा गया है।
इस तरह बदल गया नमाज का समय
शरीयत में नमाज के लिए एक वक्त मुकर्रर किया गया है। जुमे की नमाज में वक्त बदलने की गुंजाइश भी शरीयत में दी गई है। तीन बजे से असर की नमाज का वक्त शुरू हो जाता है, इससे पहले तक जुमे की नमाज अदा की जा सकती है। बताया कि मस्जिदों की इंतजामिया कमेटी और इमाम ने आपसी मशविरा कर समय में बदलाव किया।