हादसे में पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
मुजफ्फरनगर, तितावी। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव मुरादपुरा के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आते बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी रामपाल (58) शनिवार दोपहर बेटे अंकित के साथ बाइक पर किसी काम से बघरा जा रहा था। जैसे ही पिता-पुत्र पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव मुरादपुरा स्थित पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, अचानक सामने से आते तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में लेते हुए दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के नीचे फंसे पिता-पुत्र को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक रामपाल की मौत हो चुकी थी, जबकि उसका बेटा अंकित गंभीर रूप से घायल था। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रामपाल के शव को मोर्चरी भेजते हुए छोड़े गए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।