किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान मांगा
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग जिला प्रशासन से की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ईख की पत्ती एवं पराली जलाने पर किसानों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारी किसानों ने सात सूत्री मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन भी दिया।
किसान संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक सोम ने कहा कि जिले की चीनी मिलों पर किसानों का बकाया है, इसका तुरंत भुगतान होना चाहिए। कोल्हू चला रहे किसानों को बिजली विभाग उत्पीड़न बंद करें। किसानों पर विद्युत निगम लगातार फर्जी मुकदमे कर रहा है। यह बंद होना चाहिए और बकाया जमा करने का समय दिया जाना चाहिए। काली नदी पर चल रहे सफाई अभियान में पटरी निर्माण की जांच होनी चाहिए। चीनी मिलों के जर्जर रास्ते ठीक कराए जाएं। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया। इस मौके पर बिल्लू राणा, कृष्ण कुमार, बबली शर्मा, दुष्यंत सोम आदि ने विचार रखे। किसानों के धरने को देखते हुए कलक्ट्रेट में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया गया था।