आठ जोड़ों ने फेरे लिए और एक का निकाह हुआ
मुजफ्फरनगर, चरथावल। विकास खंड कार्यालय पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नौ सामूहिक विवाह की रस्म विधि विधान से संपन्न हुई। पंडित दीपक शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ आठ दंपतियों के फेरे कराए और एक दंपती का निकाह मौलवी समसुदीन ने मुस्लिम रीति रिवाज से कराया।
बृहस्पतिवार को बीडीओ तुलसीराम प्रजापति की देखरेख में ब्लॉक में शादी का आयोजन किया गया। पूरे ब्लॉक प्रांगण को सजाया गया। विवाह की रस्म के बाद वर वधू के साथ आने वाले मेहमानों ने लजीज भोजन का स्वाद लिया। एडीओ राजेंद्र कुमार ने बताया वर-वधू को शासन की तरफ से तय धनराशि 35 हजार का चेक, दुल्हन की पायल, दूल्हा और दुल्हन की पोशाक एवं घरेलू कपड़ों के अलावा कुकर आदि दिए गए। इस मौके पर भाजपा नेता मनीष गर्ग, पंकज कश्यप, अनुज गर्ग आदि मौजूद रहे।