देवबंद। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला पंडाल में शुक्रवार की रात्रि मां भगवती जागरण के भव्य आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आरंभ हो गए। जागरण के बीच-बीच में कलाकारों ने भजन और सुंदर झांकियां प्रस्तुत कर भक्तों को आनंदित कर दिया। माता की भेंट व भजन सुनकर श्रद्धालु झूम उठे।
कार्यक्रम का उद्घाटन शुभम राज सिंघल ने फीता काटकर किया। माता का माल्यार्पण योगेंद्र व आशुतोष गुप्ता, कलश स्थापना अजय गर्ग (बिट्टा), माता को चुनरी भेंट सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जयपाल सिंह, ध्वज स्थापना राघव गर्ग, ज्योति प्रज्ज्वलित विजेश कंसल और माता का शृंगार शशि त्यागी ने किया। मुख्य यजमान अंकित जैन व पारुल जैन और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम चौधरी रहे। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि मां बाला सुंदरी अपने सभी भक्तों पर स्नेह बरसाकर उन्हें आशीर्वाद बनाए रखती है। इसके बाद टीवी कलाकार हरजीत दीवाना ने सेल्फी लेनी है मैय्या दे नाल, मैय्या जी दे दो डेट, राजी बोल जा कान्हा मैं तेरी ला दूं पाजेब सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं भजन गायिका आशु वर्मा ने जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे और मीनू शर्मा व योगेश दमनिया ने मां बाला सुंदरी का दरबार निराला है, सबकी मुरादें पूरी करती मां बाला सुंदरी आदि भजनों का गुणगान किया। कलाकारों ने जागरण के बीच-बीच में मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की। कार्यक्रम संयोजक विकास पुंडीर व रविंद्र चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर व पटका पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेला चेयरमैन मनोज सिंघल, अरुण गुप्ता, देवीदयाल शर्मा, विपिन गर्ग, दीपकराज सिंघल, ईशान गौड़, अमित कुमार व सुधीर आदि रहे।

श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला पंडाल में मां भगवती जागरण कार्यक्रम में झांकी प्रस्तुत क?- फोटो : DEVBAND