मुजफ्फरनगर। सपा-रालोद गठबंधन प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल से मुलाकात की। पंचायत में विपक्ष के सदस्यों के प्रस्तावों पर भी काम कराने की बात कही। अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सदस्य के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। 27 अप्रैल को बोर्ड बैठक में सभी सदस्यों के प्रस्तावों पर मंथन किया जाएगा।
शुक्रवार को पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, पुरकाजी सुरक्षित सीट से विधायक अनिल कुमार और सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर डॉ. वीरपाल निर्वाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि पंचायत में सभी सदस्यों को समानता के आधार पर कार्य मिलना चाहिए। प्रत्येक वार्ड में सदस्य के नाम से कार्य कराए जाएंगे, किसी की भी अनदेखी नहीं होनी चाहिए। डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि अब तक के कार्यों में किसी की भी अनदेखी बोर्ड की ओर से नहीं की गई है। समान भाव से कार्य दिए गए हैं। सदस्य 27 अप्रैल को होने वाली बोर्ड बैठक में अपने प्रस्ताव रखें, सभी प्रस्तावों पर समानता से जनहित में विचार किया जाएगा। बोर्ड का फैसला ही अंतिम होता है।