देवबंद (सहारनपुर)। स्टेट हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियों कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उत्तराखंड के थाना बुग्गावाला के गांव डांडा तेलपुरा निवासी प्रवीन कुमार (32) अपनी बीमार पत्नी नीति को दवा दिलवाने के लिए स्कार्पियो कार से गाजियाबाद जा रहे। कार में उनकी पत्नी के अलावा पिता समेत पांच लोग और सवार थे। सोमवार की सुबह करीब 5 बजे जैसे ही कार सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे स्थित फ्लाईओवर से नीचे उतरी तो इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े 16 टायरा ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में प्रवीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नीति, पिता रहतूलाल, जयकुमार, संजय सैनी, सुमन पत्नी जयकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे घायलों को लोगों की मदद से बाहर निकलवाया। जिन्हें बाद में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती करा दिया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं शव का पुलिस ने पंचनामा भरकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि कार की स्पीड तेज थी। जिस कारण व अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से टकरा गई।