सीएए से देश बनेगा मजबूत: अग्रवाल
देवबंद (सहारनपुर)। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सीएए देशहित में और इससे देश मजबूत होगा। कपिल देव अग्रवाल मंगलवार को राजू सैनी के आवास पर आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। अग्रवाल ने कहा कि सीएए को लेकर विपक्षी दल अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार के मजबूत इरादों के चलते वह अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार देश को मजबूत बनाने के लिए कड़े कदम उठा रही है। इसके लिए ही नागरिकता संशोधन कानून पास किया गया है। भाजपा नेता नितिन गुप्ता और नगराध्यक्ष विपिन गर्ग ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के बारे में विपक्षियों द्वारा जो भ्रांतियां फैलाई गई थी उनसे देश को नुकसान हुआ। कांग्रेस 70 साल शासन करने के बाद भी देश को कुछ नहीं दे पाई। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने पटका पहनाकर कपिल देव अग्रवाल का स्वागत किया। इस मौके पर जतिन त्यागी, सचिन शर्मा, अवि त्यागी, निखिल अग्रवाल, विकास त्यागी, मनीष भारती, अभिषेक त्यागी, शिवम तायल, अमित भारती, सात्विक त्यागी, सुनील सैनी, गगन मित्तल, आदेश सैनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।