छपार (मुजफ्फरनगर)। मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के गांव इक्कड़ जा रही बरात की बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई। बस में सवार छह से ज्यादा महिला-पुरुष घायल हो गए। सभी को मुजफ्फरनगर अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार दोपहर मुजफ्फरनगर के खादरवाला से बरात उत्तराखंड के गांव इक्कड़ बस से जा रही थी। बस में 60 से 70 बराती सवार थे। जब बस बरला के शिवा ढाबा के पास पहुंची तो उसकी साइड से एक ट्रक की भिड़ंत हो गई। बस में सवार कई बराती घायल हो गए। सूचना पर छपार पुलिस पहुंच गई और एंबुलेंस से घायलों को पुरकाजी पीएचसी भिजवाया। वहां से घायल शहनाज (27), फरीदा (32), रुखवार (70), सायरा (26), अकबर (45) को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छपार पुलिस ने बस के चालक बोबी को हिरासत में लिया है।