ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में बालक-बालिकाएं सम्मानित
मुजफ्फरनगर, शाहपुर। शिक्षा विभाग के प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में मेधावी बालक-बालिकाओं को सम्मानित किया गया। एबीएसए सुदर्शन लाल ने अध्यापकों को नवंबर 2022 तक ब्लॉक शाहपुर को प्रेरक ब्लॉक बनाने के लिए प्रेरित किया।
कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में बुधवार को आयोजित प्रेेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी व कस्बा चौकी प्रभारी एसआई जयवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। डायट मेंटर डॉ. पंकज वशिष्ठ ने ब्लॉक के अध्यापकों को मिशन प्रेरणा की सफलता के लिए काम करने के तरीकों की जानकारी दी। इस मौके पर विनीत पंवार, संदीप मलिक, देवराज, मोहम्मद फारूक, मोनिका राठी और इरशाद ने मिशन प्रेरणा के तहत ब्लॉक को प्रेरक बनाने के लिए अध्यापकों को प्रेरित किया। एबीएसए सुदर्शन लाल ने कहा कि ब्लॉक को नवंबर 2022 तक प्रेरक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित समय में सभी अध्यापक इसके लिए सहयोग दें। शिक्षक नेता संजीव बालियान व अजय कुमार ने भी अध्यापकों को संबोधित किया। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दस बालक व दस बालिकाओं को प्रेरक बालक-बालिका का प्रमाण-पत्र दिया गया। विकास क्षेत्र के 25 विद्यालयों को उत्कृष्ट विद्यालय का प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस मौके पर महबूब अली, रवि कुमार, तरुण भूषण, नीलिमा गुप्ता, सोनम वाल्मीकि, सुरभि, अनु कुमारी, नेहा, पारुल, सौरभ गुप्ता, अमरदीप सिंह और योगेश आदि का सहयोग रहा।