छपार। प्रो कबड्डी लीग में शानदार खेल का प्रदर्शन कर लौटे बसेड़ा के अर्जुन देशवाल का ग्रामीणों ने अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने कहा कि अर्जुन के खेल से अन्य युवाओं को सीख मिलेगी और वह आगे बढ़ेंगे। ट्रैक्टर और कारों के लंबे काफिले के साथ गांव ले जाया गया।
बसेड़ा गांव के किसान चरण सिंह के बेटे ने खेल के मैदान पर दमखम दिखाया। सेना में कार्यरत अर्जुन ने प्रो कबड्डी लीग में जयपुर टीम की ओर से प्रतिभाग किया। शनिवार को फाइनल में जयपुर ने पुनेरी पलटन को हराया। अर्जुन ने फाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए प्रतियोगिता के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी का पुरस्कार भी जीता।
सोमवार को खिलाड़ी अर्जुन देशवाल अपने गांव पहुंचे। तब सैकड़ों ग्रामीण ट्रैक्टर व कारों का बड़ा काफिला लेकर बरला हाईवे पर पहुंचे और फूल मालाओं से खिलाड़ी का जोरदार स्वागत किया। उसके साथ कोच धर्मेंद्र देशवाल, उपेंद्र मलिक, विपिन कुमार, ओमबीर सिंह, रमन देशवाल, मनोज कुमार, चौधरी चरणसिंह, जसबीर, चंद्रबीर सिंह, विक्रांत सिंह, टींकू, पेरु, सचिन, राहुल, बबलू, वासू, टीनू, ओम सिंह, डाक्टर विकास आदि मौजूद रहे।