एक और प्रवासी मिला कोरोना पॉजिटिव
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली से आया एक और प्रवासी कोरोना संक्रमित मिला है। लॉकडाउन के चलते कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था। उसे डीएवी कॉलेज बुढ़ाना में क्वारंटीन किया गया था। जिले में कोरोना के 29 केस हो गए हैं, जिनमें वर्तमान में पांच संक्रमित हैं, जबकि 24 मरीज ठीक हो चुके हैं।
लगातार तीसरे दिन मुजफ्फरनगर में कोरोना संक्रमित सामने आया है। शाहपुर क्षेत्र के बहरामगढ़ उर्फ कपूरगढ़ का रहने वाला यह व्यक्ति दिल्ली में रंगाई-पुताई का काम करता है। प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही रोडवेज बस से यह मुजफ्फरनगर आया था। उसके बाद उसे बुढ़ाना के डीएवी डिग्री कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया था। 16 मई को उस समेत 20 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। एसडीएम कुमार भूपेंद्र ने बताया कि एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे कोविड अस्पताल बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाएगा। बताया जाता है कि इस क्वारंटीन केंद्र पर सौ से ज्यादा लोगों को रखा गया है, जिस कमरे में कोरोना पॉजिटिव रह रहा था, उसमें कुल 20 लोग थे। इन सबकी भी दोबारा जांच कराई जाएगी। जिले में लगातार तीसरे दिन कोरोना संक्रमित मिला है। अब तक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 29 हो गई है। इनमें से पांच एक्टिव हैं तथा 24 ठीक हो गए हैं।