अंकित हत्याकांड:‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे...’ गाने के लेखक को धमकियां, बोले-'मेरा किसी गैंग से संबंध नहीं'
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ के लेखक-गायक राहुल पुट्ठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। उन्होंने किसी गैंग से संबंध से इनकार करते हुए परिवार की सुरक्षा पर चिंता जताई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने के लेखक और गायक राहुल पुट्ठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है और सोशल मीडिया पर सामने आ रही धमकी भरी पोस्ट की वजह से वह और उनका परिवार दहशत में है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मांगी माफी
हरियाणा के हिसार जिले के हांसी निवासी राहुल पुट्ठी ने वीडियो में कहा कि पिछले कई दिनों से यूपी और हरियाणा में चल रही घटनाओं और सोशल मीडिया पर सामने आ रही पोस्ट से वह और उनका परिवार डरा हुआ है।उन्होंने कहा कि हरियाणवी कलाकार मनोरंजन के लिए गाने बनाते हैं। उनका उद्देश्य किसी गैंग या व्यक्ति को बढ़ावा देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी गाने से किसी को परेशानी या ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं।
अंकित ने गाने में किया था अभिनय
बताया जा रहा है कि ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाना राहुल पुट्ठी ने लिखा और गाया था, जबकि अंकित बालियान ने इसमें अभिनय किया था। अंकित की हत्या के बाद इस गाने को लेकर भी चर्चा शुरू हुई है। हालांकि पुलिस अभी हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और गाने से जुड़े किसी विवाद की भूमिका की जांच कर रही है। इसे हत्या का कारण मानकर निष्कर्ष निकाला जाना अभी जल्दबाजी होगी।
दो और हत्याओं की धमकी के बाद बढ़ी चिंता
अंकित हत्याकांड में वांछित शूटरों के नाम से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में दो और हत्याओं की धमकी सामने आने के बाद राहुल पुट्ठी की चिंता और बढ़ गई। उन्होंने वीडियो के जरिए साफ किया कि उनका किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
कौन हैं राहुल पुट्ठी?
राहुल पुट्ठी हरियाणा के हिसार जिले के हांसी के रहने वाले हरियाणवी गायक और गीतकार हैं। उन्होंने कई हरियाणवी गाने लिखे और गाए हैं। उनके चर्चित गीतों में ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’, ‘अंगली घुमाई जाटा’, ‘लव मैरिज’ और ‘जाट’ शामिल हैं।
अंकित हत्याकांड की जांच में गाने की भूमिका भी खंगाल रही पुलिस
अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस हत्याकांड की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और घटना से जुड़े सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। इसी क्रम में गाने को लेकर सामने आए विवाद और सोशल मीडिया पर चल रही धमकियों की भी पड़ताल की जा रही है।