मुजफ्फरनगर। प्रकाश चौक से महावीर चौक तक दुकानों के शटर और पिलर गुलाबी रंग के कराने को लेकर व्यापारी गुस्सा गए। उन्होंने एमडीए सचिव का घेराव करते हुए इसे व्यावहारिक तौर पर अनुचित बताते हुए विरोध किया। सचिव ने इस संबंध में व्यापारियों से वार्ता कर समाधान निकालने की बात कही।
प्रशासन ने शहर के सुंदरीकरण की दिशा में काम करते हुए हजरत गंज की तरह प्रकाश चौक से महावीर चौक के बीच दुकानों के शटर व पिलर पर पिंक कलर कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके चलते दस दिन पहले इस मार्ग के व्यापारियों को पत्र भेज कर अपने कार्यालय में बुला कर बैठक की थी। जिसमें व्यापारियों से इसका पालन कराने का अनुरोध किया था। एमडीए अधिकारियों के इस आदेश से व्यापारियों में रोष था। इस मामले में सोमवार को संयुक्त व्यापार संघ संघर्ष समिति के संरक्षक कृष्ण गोपाल मित्तल व अध्यक्ष संजय मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने एमडीए के सचिव आदित्य प्रजापति का कार्यालय पहुंचकर सचिव का घेराव किया और उन्हें एक मांग पत्र दिया। एमडीए सचिव ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि अधिकारियों से वार्ता करने के बाद ही अब अगला कदम उठाया जाएगा। व्यापारियों को नुकसान नही होने दिया जाएगा। इस दौरान राकेश त्यागी, सतपाल मान, सुनील तायल, सरदार बलविंदर सिंह,तरुण मित्तल आदि मौजूद रहे। एक ज्ञापन भी सौंपा गया।