दिव्यांगों को वितरित किए सहायक उपकरण
मुजफ्फरनगर। सर्व शिक्षा अभियान के तहत एलिम्को कंपनी कानपुर के सहयोग से परिषदीय विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
ब्लॉक संसाधन केंद्र बुढ़ाना पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक उमेश मलिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुशील कुमार ने बताया कि तीन नवंबर को बच्चों का सहायक उपकरणों के लिए माप लिया गया था। विद्यालयों में अध्ययनरत 41 बच्चों की आवश्यकता को देखते हुए उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। इनमें नौ व्हील चेयर, आठ ट्राई साइकिल, 15 रोलेटर, तीन सीपी चेयर, आठ हेयरिंग एड कुल 64 उपकरण उपलब्ध कराए गए। मुख्य अतिथि विधायक उमेश मलिक ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को इन सहायक उपकरणों का नियमित रूप से प्रयोग कराएं तथा उन्हें नियमित विद्यालय भेजें। विशिष्ट अतिथि एसडीएम दीपक कुमार ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा अभिभावकों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। एलिम्को के विशेषज्ञ शमा प्रवीण एवं विक्रम सिंह ने उपकरणों के रखरखाव के बारे में जानकारी दी। शिविर का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार ने किया। इस अवसर पर सोमदत्त, रिसोर्स टीचर संजीव कुमार, अनूप बंसल, राहुल, शिवकुमार, नीरज, ओमप्रकाश आदि का सहयोग रहा।