मुजफ्फरनगर। कूकडा ब्लॉक के मखियाली में स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया। ब्लॉक प्रमुख सदर अमित चौधरी एवं सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। स्वास्थ्य मेले में 1150 लोगों ने अपना परीक्षण कराया।
मेले में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सदर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य संबंधित कई योजनाएं चलायी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अच्छा उपचार मिल रहा है। मेले में सीधे चिकित्सक को दिखाकर दवा भी ले सकते है। सीएमओ ने कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की ओर से चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख, कान, नाक एवं गले, दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया और आंखों की जांच सुविधा उपलब्ध रही। मेले के आयोजन में चिकित्सा प्रभारी डॉ परितोष मुद्गल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ योगेश त्यागी, आईओ कुलदीप शर्मा का सहयोग रहा। एसीएमओ डॉ अरविंद पंवार, गीतांजलि वर्मा समेत सीएचसी स्टाफ मौजूद रहा।