मुरादाबाद। दो दिवसीय जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पहले दिन बच्चों और बड़ों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश योगा एसोसिएशन और यश वंडर वूमेन क्लब ने यह प्रतियोगिता आयोजित कराई। इसका उद्घाटन डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया। एसएसपी हेमंत कुटियाल, क्लब की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल, डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे, आचार्य भीम अतिथि के रूप में रहे।
8 से 10 आयु वर्ग के बालक-बालिका वर्ग में वृक्षासन, उष्ट्रासन, एक पाठ स्कंद आसन, चक्रासन प्रतियोगिता हुई। 10 से 12 आयु वर्ग बालक-बालिका वर्ग में त्रिकोणासन, पश्चिमोत्तानासन, सर्वांगासन, धनुषासन, निंद्रासन की प्रतियोगिता हुई। इसी प्रकार 45 वर्ष आयु वर्ग तक अलग-अलग योगासन प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता का परिणाम मंगलवार को घोषित किया जाएगा। योगासन एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विपिन जखमोला ने जिलाधिकारी, एसएसपी और यश वंडर वूमेन क्लब की अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर क्लब की सचिव सोनल अग्रवाल, रूपाली अग्रवाल, तानिया भाटिया, रीना मल्होत्रा, अनु ढल, सोनम अग्रवाल आदि मौजूद रहीं। सोमवार को प्रतियोगिता में ग्रीन मीडोज स्कूल, आरआरके स्कूल, गोल्डन गेट स्कूल, आर्यन इंटरनेशनल स्कूल, डीपीजीएस स्कूल, एनपीएस स्कूल, सेंट मेरी स्कूल बुद्धि विहार, सेंट मेरी स्कूल सिविल लाइंस, सेनफोर्ड स्कूल, विल्सोनिया स्कूल आदि के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।