{"_id":"65a362f5aeba4cd8b60086bd","slug":"weather-update-severe-cold-in-moradabad-division-fog-is-increasing-problems-2024-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Update: मुरादाबाद मंडल में कड़ाके की ठंड, कोहरा बढ़ा रहा मुश्किलें, पांच साल में इस बार सबसे सर्द लोहड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather Update: मुरादाबाद मंडल में कड़ाके की ठंड, कोहरा बढ़ा रहा मुश्किलें, पांच साल में इस बार सबसे सर्द लोहड़ी
Sun, 14 Jan 2024 09:58 AM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
Published by: विमल शर्मा
Updated Sun, 14 Jan 2024 09:58 AM IST
सार
मुरादाबाद मंडल में कड़ाके की ठंड जारी है। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
विज्ञापन
मुरादाबाद में छाया घना कोहरा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कड़ाके की ठंड से शहरवासियों को अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी ठंड का सामना करने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। लोहड़ी पर्व पर पिछले पांच वर्षों में न्यूनतम तापमान सबसे कम है।
विज्ञापन
शनिवार सुबह वातावरण में थोड़ा-बहुत कोहरा था, लेकिन बर्फीली हवाओं की वजह से सड़कें भी गीली हो गई थीं। दिन बढ़ने के साथ हवा की वजह से बादल छंट गया और दोपहर में हल्की धूप खिली। लोग ठंड से बचने की उम्मीद में छतों पर और पार्कों में आ गए।
विज्ञापन
इसके बावजूद गलन में कोई कमी नहीं आई। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही की वजह से ठिठुरन बनी थी। अपने कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में लोग ठिठुर रहे थे। दस्ताने, मफलर, हेलमेट और गर्म जैकेट पहनने के बावजूद दोपहिया वाहन चलाते समय वाहन चालकों की कंपकंपी छूट रही थी।
विज्ञापन
शीतलहर और गलन की वजह से लोग घरों से तभी बाहर निकल रहे हैं, जब उन्हें बहुत जरूरी कार्य है। घरों में हीटर और ब्लोअर चलाकर सर्दी से राहत पाने की कोशिश की जा रही है। शाम होते-होते मौसम फिर बिगड़ने लगा।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
सुबह के समय वातावरण में नमी 97 फीसदी रही और शाम को 86 फीसदी नमी दर्ज की गई। हवा की गति पश्चिम से पूरब दिशा में पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। पंतनगर विश्वविद्यालय के माैसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि रविवार और सोमवार को भी ठंडा दिन रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।