UP News: मुरादाबाद में तीन माह में बढ़ गए तीस हजार से अधिक मतदाता, वोटरों की संख्या हो गई 24 लाख के पार
मुरादाबाद जिले में तीस हजार से अधिक मतदाता बढ़ गए है। सत्यापन के बाद अब जिले में वोटरों की संख्या 24.50 लाख हो गई है। फरवरी 2022 में विधानसभा चुनाव के समय वोटरों की संख्या 24.19 लाख थी।
विस्तार
सत्यापन के दाैरान आठ हजार से ज्यादा मतदाताओं का निधन होना पाया गया। केंद्रीय चुनाव के निर्देश पर जिले की मतदाता सूची का सत्यापन कराया गया। सत्यापन का यह कार्य करीब दो महीने चला। इसके जिले के सभी बीएलओ लगाए गए थे। बीएलओ की टीम घर-घर जाकर मतदाताओं की सूची का सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान 16,444 मतदाता अनुपस्थित पाए गए। गणना के दौरान जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 24 लाख 50 हजार 63 पाई गई है। इसमें नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक पांच लाख 39 हजार 882 मतदाता पाए गए। जबकि सबसे कम मतदाताओं की संख्या बिलारी विधानसभा क्षेत्र में रही।
मतदाता सूची की जांच में बीएलओ को 8381 मतदाता मृत मिले। इनमें कांठ विधानसभा क्षेत्र के 959, ठाकुरद्वारा के 888, मुरादाबाद ग्रामीण के 1589, मुरादाबाद नगर के 1623, कुंदरकी के 1774 और बिलारी विधानसभा क्षेत्र के 1548 मतदाता शामिल थे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि ने बताया कि 3018 मतदाताओं के सूची में नाम दो बार दर्ज किए गए थे। मृतकों के साथ ऐसे लोगों के नाम एक स्थान से हटाए गए हैं। इसी कारण मतदाता सत्यापन में देर हुई है।
जिले में 2511 मतदान केंद्र घोषित
आपत्तियों की तिथि समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने 2511 मतदान केंद्रों की सूची जारी कर दी है। इस मामले में राजनीतिक दलों से 18 सितंबर तक आपत्तियां एवं सुझाव मांंगे गए थे। इनमें कांठ विधानसभा के 419, ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के 408, मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा के 399 मुरादाबाद शहर के 502 मतदान केंद्र शामिल हैं।
जिले में मतदाताओं की संख्या विधानसभावार
कांठ 392092
ठाकुरद्वारा 377509
कुंदरकी 389816
बिलारी 358221
मुरादाबाद देहात 392543
मुरादाबाद शहर 539882