{"_id":"609adfb48ebc3e8d3a6eecb5","slug":"up-rampur-son-killed-father-with-sword-as-he-was-having-dispute-with-father-over-land-selling","type":"story","status":"publish","title_hn":"कलयुगी बेटा: तलवार से हमला कर ले ली जान, पिता के इस फैसले पर था एतराज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कलयुगी बेटा: तलवार से हमला कर ले ली जान, पिता के इस फैसले पर था एतराज
Wed, 12 May 2021 01:19 AM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Wed, 12 May 2021 01:19 AM IST
सार
रामपुर के टांडा में जमीन बेचने के पिता के फैसले का विरोध करने के दौरान एक युवक ने आपा खो दिया। गुस्से में आकर पिता पर तलवार से हमलाकर दिया। गर्दन में तलवार लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामपुर के टांडा में जमीन बेचने के पिता के फैसले का विरोध करने के दौरान एक युवक ने आपा खो दिया। गुस्से में आकर पिता पर तलवार से हमलाकर दिया। गर्दन में तलवार लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
ग्राम लामा खेड़ा निवासी जयपाल (55) अपने पुत्र अर्जुन (21) के साथ अकेले रहते थे। ग्रामीणों के मुताबिक जयपाल को शराब की लत थी। इस लत को पूरा करने के लिए वह अपनी जमीन बेचते रहते थे। इस आदत से परेशान होकर उनकी पत्नी भी दस साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। अर्जुन की 23 मई को शादी होने वाली थी। अपनी अधिकतर जमीन बेच चुके जयपाल सिंह कुछ और जमीन बेचना चाह रहे थे, जबकि उनका बेटा अर्जुन इसका विरोध कर रहा था।
विज्ञापन
इसी बात को लेकर मंगलवार शाम लगभग छह बजे जयपाल और अर्जुन सिंह में कहासुनी हो गई। अर्जुन अपने पिता को समझा रहा था कि वह जमीन न बेचें, लेकिन जयपाल अपनी बात पर अड़े हुए थे। इससे गुस्से में आकर अर्जुन ने घर में रखी तलवार से अपने पिता पर हमला कर दिया। तलवार का एक वार जयपाल के हाथ में लगा तो दूसरा गर्दन पर। गर्दन पर तलवार के वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और घर पर ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया। जयपाल के भाई रामौतार ने अपने भतीजे अर्जुन के विरुद्ध कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। एसपी शगुन गौतम का कहना है कि जमीन बेचने के विवाद में पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।