UP Constable Recruitment Exam: पहली पाली की परीक्षा संपन्न ...सघन चेकिंग के बाद मिला प्रवेश, जूते तक उतरवाए
मुरादाबाद मंडल पर यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गई। रामपुर, अमरोहा और संभल में बड़ी संख्या में युवाओं ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के कारण कई जगहों पर रूट डायवर्ट भी किया गया है।
विस्तार
मुरादाबाद जिले के 26 केंद्रों पर शुक्रवार से सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू हुई। पांच दिन चलने वाली इस परीक्षा की प्रत्येक पाली में 11 हजार 712 परीक्षार्थी भाग लेंगे। पिछली भर्तियों में हुई गड़बड़ी से सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
शुक्रवार को पहली पाली में पहले दिन की परीक्षा हुई। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते-चप्पल उतरवाकर जांच की गई। प्रत्येक केंद्र पर इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीमें तैनात रहीं। परीक्षा के लिए देर रात तक शहर में बसों, ट्रेनों व निजी वाहनों से अभ्यर्थी पहुंचते रहे। इसके कारण रेलवे स्टेशन पर बस अड्डे पर भीड़ रही।
उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के 60 हजार पदों पर भर्ती के लिए फरवरी माह में परीक्षा कराई थी। पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। तब मुरादाबाद में 56 केंद्र बनाए गए थे और दो दिन परीक्षा चली थी। अब 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को परीक्षा दो पाली में होगी।
सुबह की पाली 10 से दो बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक चलेगी। शहर में पांच दिन में 1 लाख 17 हजार 120 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 11 हजार 712 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बायोमेट्रिक अटेंडेंस और आधार वेरिफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा परीक्षा कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इसके अलावा सीओ स्तर के अधिकारी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी चेक करते रहेंगे। डीएम अनुज कुमार सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
अमरोहा के नौ केंद्रों पर चल रही परीक्षा, भटकते रहे अभ्यर्थी
अमरोहा जिले के नौ केंद्रों पर शुक्रवार को सिपाही भर्ती परीक्षा हुई। शहर के भीतर आठ केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लाइन रही। डीएम-एसपी, एएसपी और एसडीएम व सीओ सुबह से ही परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे।
कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। प्रशाशन ने जाम से निपटने के लिए जनपद पुलिस ने शहर में आने वाले कार समेत सभी बड़े वाहनों को आठ स्थानों से डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से निकाला।
परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए पुलिस सुबह से ही सड़कों उतर पड़ी। बंबूगढ से लेकर नौगांवा सादात रोड स्थिति रिगल होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा और ऑटो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहा। अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा देने 5942 परीक्षार्थी हरियाणा, झारखंड, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड राज्यों से आए हैं।
इसके अलावा मंडल में मुरादाबाद, रामपुर और संभल के 2602 परीक्षार्थी भी शामिल होंगे। 23 अगस्त से पांच दिन तक चलने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा में रोजाना 8544 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.