शिक्षक एमएलसी चुनाव: मतगणना के दिन सपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप, बोले- अमरोहा में वोटों की लूट हुई
बरेली में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दिन सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अमरोहा में वोटों की लूट हुई। उन पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन वहां के अफसरों ने उनकी नहीं सुनी।
विस्तार
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव शुरुआत से ही गड़बड़ियों का केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि आठ जनपदों में मतदान बहुत अच्छा हुआ, लेकिन अमरोहा जनपद में वोटों की लूट हुई है। वहां निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ। कई बूथों पर 94 प्रतिशत तक मतदान करा दिया गया।
दानिश अख्तर ने चुनाव आयोग से अमरोहा की वीडियोग्राफी निकलवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे सच सामने आ जाएगा। सपा प्रत्याशी ने विश्वास जताया कि शिक्षकों ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वित्त विहीन साथियों ने अपने मानदेय के लिए और शिक्षकों ने पुरानी पेंशन के नाम पर मताधिकार का प्रयोग किया है।
भाजपा प्रत्याशी बोले- पारदर्शिता से हुआ चुनाव
दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने चुनाव को अच्छा और पारदर्शिता के साथ संपन्न बताया। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में मतदान बढ़ा है और शिक्षकों में उत्साह बहुत था। भाजपा प्रत्याशी के अनुसार, योगी सरकार के कामों से शिक्षक उत्साहित थे। उन्होंने सपा प्रत्याशी द्वारा मतदान निरस्त करने के लिए ज्ञापन सौंपने पर कहा कि जब आदमी पिछड़ जाता है तो सिर्फ आरोप लगाता है। भाजपा प्रत्याशी ने अपनी जीत का दावा किया।