Moradabad: शिक्षा विभाग के गजब किस्से, टीसी के बदले प्रधानाध्यापक ने अभिभावक से मांगे गमले, गंवानी पड़ी कुर्सी
मुरादाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग लगातार चर्चा में बना रहता है। इस बार एक प्रधानाध्यापक ने टीसी देने के बदले अभिभावक से गमले की डिमांड कर दी। शिकायत के बाद उन्हें उस पद से हटा दिया गया है। मामला महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विस्तार
बेसिक शिक्षा विभाग के देहात ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय मोहब्बतपुर में टीसी के बदले गमले मांगने की शिकायत पर प्रधानाध्यापक की कुर्सी चली गई। खंड शिक्षा अधिकारी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए विद्यालय की इंचार्ज अध्यापक पारुल राजपूत को पद से हटा दिया।
वरिष्ठता के आधार पर सहायक अध्यापक किरनबाला को पदभार सौंपने के लिए कहा है। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में पहले भी पत्र जारी किया जा चुका है। यदि जल्द ही पद नहीं छोड़ा तो कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय से कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले एक छात्र के अभिभावक ने ऑनलाइन शिकायत की थी कि इंचार्ज अध्यापक पारुल राजपूत ने टीसी के बदले उनसे गमले मांगे। टीसी न मिलने के कारण वह अपने बच्चे का दाखिला कक्षा-9 में नहीं करा पा रहे हैं।
इस मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है, जबकि निवर्तमान प्रधानाध्यापक पारुल राजपूत ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि जिस शिक्षिका को वरिष्ठ बताया जा रहा है, उन्होंने ही यह गलत शिकायत करवाई है।
निगम के दो अभियंताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप, प्रदर्शन
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने नगर निगम के खिलाफ बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी दुकान के बाहर जनरेटर रखने के लिए रुपये मांग रहे हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन कार्रवाई करे।
सुभासपा के महानगर अध्यक्ष रवि चौधरी के नेतृत्व में बुधवार की दोपहर कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। बताया कि सिविल लाइंस के राजमहल होटल के नजदीक पूजा मिश्रा की दुकान है। 29 जुलाई की दोपहर तीन बजे नगर निगम के दो अभियंता दुकान पर पहुंचे।
बताया कि दुकान के सामने रखा जनरेटर अतिक्रमण के दायरे में है। महिला ने कहा कि उसे इस मामले में नगर निगम से कोई नोटिस नहीं मिला है। दोनों अभियंताओं ने कहा कि 50 हजार रुपये दे दो अन्यथा जनरेटर जब्त होगा। बाद में दोनों आरोपियों ने 20 हजार रुपये ले लिए, लेकिन रसीद नहीं दी।
इस मामले में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के एई और जेई के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। पदाधिकारियों ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान आकाश शर्मा, मनुज जैन, अक्षत गोयल, सत्यम गुप्ता, आशु चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।