मुरादाबाद। मुगलपुरा थाना पुलिस ने महिलाओं से मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल व घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। पुलिस का दावा है कि आरोपी बदमाशों ने शनिवार की रात 7:55 बजे दीन दयाल नगर में एक महिला से मोबाइल छीना था और पुलिस ने घेराबंदी कर 39 मिनट बाद 8:34 बजे दोनों आरोपियों को मुगलपुरा क्षेत्र में पान दरीबा के पास गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि पकड़े गए आरोपी करीम निवासी मोहल्ला नवाबपुरा एकता गली थाना नागफनी और दूसरा आरोपी बदमाश हम्मास निवासी मोहल्ला बगिया बाजार दीवान थाना नागफनी है। एसपी सिटी ने बताया कि शनिवार की रात सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से मोबाइल छीन लिया था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और शहर में चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी थी। मुगलपुरा थानाक्षेत्र के पान दरीबा चौराहे के पास पुलिस ने बाइक सवार करीम और हम्मास को पकड़ लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों ने पांच घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। आरोपी करीम दिल्ली में बर्तन फैक्टरी में नौकरी करता था। लॉकडाउन में अपने घर आ गया था। यहां उसने अपने साथी हम्मास के साथ मिलकर मोबाइल छीनने लगने थे। आरोपी बदमाश महिलाओं से मोबाइल छीनते थे, ताकि वे न पकड़े जा सकें। रविवार की दोपहर बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।