शिक्षक एमएलसी चुनाव: मुरादाबाद मंडल में सुबह सुस्त रही वोटिंग, अंतिम दो घंटे में जमकर पड़े वोट
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में रामपुर जिले में उत्साह के साथ वोटिंग हुई। इसके अलावा अमरोहा, संभल और मुरादाबाद के सभी बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ।
विस्तार
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में शिक्षक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रामपुर जिले में दोपहर 12 बजे तक छह मतदान केंद्रों पर 37.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले के कुल 3,226 मतदाताओं में से 1,197 ने वोट डाले।
इनमें 598 पुरुष और 599 महिला मतदाता शामिल हैं। शुरुआती चार घंटों में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से मामूली अधिक रही। रामपुर में मतदान प्रतिशत के मामले में मिलक सबसे आगे रहा। यहां शाहबाद स्थित खंड विकास कार्यालय के मतदान केंद्र पर कुल 316 मतदाताओं में से 166 ने मतदान किया।
यहां 52.53 प्रतिशत वोट पड़े। बिलासपुर के राजकीय इंटर कॉलेज में 610 मतदाताओं में से 290 ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 47.54 रहा। रामपुर के राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या-1 पर 545 में से 234 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 42.94 प्रतिशत वोट पड़े। राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज के बूथ संख्या-2 पर 448 में से 155 मतदाताओं ने वोट डाले।
यहां मतदान प्रतिशत 34.60 रहा। बिलासपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिलक में 610 में से 192 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 31.48 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं, स्वार के खंड विकास कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर 697 में से 160 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां सबसे कम 22.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह 10 बजे तक 11.25 प्रतिशत मतदान
रामपुर में सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे में 363 मतदाताओं ने वोट डाले थे। सुबह 10 बजे तक मतदान प्रतिशत 11.25 रहा। इसके बाद अगले दो घंटों में 834 और मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे दोपहर 12 बजे तक मतदान का आंकड़ा 1,197 पहुंच गया।
मुरादाबाद में 7,696 शिक्षक मतदाता
मुरादाबाद जिले में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कुल 7,696 शिक्षक मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए जिले में 10 मतदान केंद्रों पर 12 मतदेय स्थल बनाए गए। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
मतदान केंद्रों पर शिक्षक मतदाताओं ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुंदरकी ब्लॉक में भी शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान हुआ। यहां दोपहर 12 बजे तक कुल 467 मतदाताओं में से 245 ने वोट डाले। वहीं, संभल जिले के बहजोई ब्लॉक परिसर में बनाए गए बूथ पर शिक्षिकाओं ने मतदान किया।
मंडी धनौरा में भी शिक्षक विधायक चुनाव में मतदान के बाद शिक्षिकाएं अपनी उंगलियों पर लगी स्याही का निशान दिखाती नजर आईं। चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इसके बाद शिक्षक एमएलसी चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.