चीनी की किल्लत: पांच दिन में 25% बढ़ गए दाम, त्योहार सीजन में गुड़-बूरा भी 10 से 20 रुपये महंगा
त्योहारों के बीच मुरादाबाद के बाजार में चीनी, गुड़ और बूरा महंगा हो गया है। चीनी के दाम 48 से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं, जबकि गुड़ और बूरा की कीमतों में दस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब गुड़ 70 से 80 रुपये और बूरा 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कीमतें बढ़ने से नवरात्र से दिवाली तक मिठाइयां और पकवान बनाने का खर्च बढ़ गया है।
विस्तार
त्योहारों के बीच बाजार में चीनी की किल्लत ने मिठास महंगी कर दी है। पांच अक्तूबर से मिलों से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण फुटकर बाजार में चीनी के दाम 48 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। वहीं, पिछले दस दिनों में गुड़ और बूरा की कीमतों में भी 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
दोनों के दाम 60 से बढ़कर 70 से 80 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। नवरात्र से दिवाली तक मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के बीच कीमतों में उछाल से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कटरा नाज, गंज बाजार, जीएमडी रोड और गांधी नगर समेत शहर के विभिन्न बाजारों में चीनी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
व्यापारियों के मुताबिक, थोक बाजार में चीनी 50 किलो की बोरी 2900 रुपये में मिल रही है। परिवहन, अन्य खर्च और मुनाफा जोड़ने के बाद फुटकर कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पांच दिनों में चीनी के दाम 25 फीसदी तक बढ़े हैं। चीनी के साथ गुड़ और बूरा की कीमतों में भी तेजी आई है।
व्यापारियों के मुताबिक, दस दिन पहले गुड़ और बूरा 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, जबकि अब बूरा 70 रुपये और गुड़ 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। त्योहारों में मिठाइयां और घरों में पकवान बनाने के लिए इनकी खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतें बढ़ने से ग्राहकों का खर्च भी बढ़ रहा है।
मिलों से नहीं हो रही चीनी की आपूर्ति
चीनी डीलर राजेंद्र वर्मा के मुताबिक, पांच अक्तूबर से मिलों की ओर से चीनी की आपूर्ति नहीं हो रही है। मिलों से न तो बिक्री के लिए चीनी मिल रही है और न ही कीमतों की जानकारी दी जा रही है। इस संबंध में थोक विक्रेताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भी दी गई है। आपूर्ति प्रभावित होने से बाजार में उपलब्ध चीनी के दाम बढ़ गए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान चीनी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे समय में आपूर्ति बाधित होने से बाजार पर दबाव पड़ रहा है। कुछ दुकानदारों ने कीमतों में लगातार बदलाव और कारोबार में होने वाली परेशानी के कारण चीनी की बिक्री बंद करने की बात भी कही है।
मंडल की 23 मिलों में 18.35 लाख क्विंटल स्टॉक
उपायुक्त गन्ना हरपाल सिंह ने बताया कि मंडल में 23 चीनी मिलें हैं, जिनमें कुल 18.35 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। जिला विपणन अधिकारी विनीता मिश्रा ने कहा कि चीनी की कीमत बढ़ने की शिकायत मिली है। कालाबाजारी रोकने के लिए डीलरों के स्टॉक की जांच की जाएगी।
मुरादाबाद में 19 डीलर
गोयल ट्रेडर्स, कुंवर सेन महेश चंद्र, रामअवतार अतुल कुमार, मधु ट्रेडर्स, पवन ट्रेडर्स, राम भरोसे रामलाल अवतार, राम निवास एंड संस, श्री एक्सपोर्ट, स्ट्राकर्ट इंटरप्राइजेज, सुरेश चंद्र एंड संस, उमा ट्रेडर्स, अरोरा एजेंसी, फरील ट्रेडर्स, गौरव ट्रेडर्स, शिव ट्रेडर्स, एमके ट्रेडर्स, ख्वाजा ट्रेडर्स, शिवाय ट्रेडर्स और राजीव ट्रेडर्स।
थोक बाजार में चीनी 50 किलो की बोरी 2900 रुपये में मिल रही है। त्योहारों में इसकी बिक्री बढ़ जाती है। बढ़ी कीमतों के बावजूद मांग बनी हुई है।- आशीष, व्यापारी
एक सप्ताह में चीनी की कीमत बढ़ी है। अभी चीनी 60 रुपये और बूरा 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। दस दिन पहले बूरा 60 रुपये किलो था। -शगुन गुप्ता, व्यापारी
फुटकर बाजार में चीनी 60 रुपये किलो बिक रही है। गुड़ की कीमत भी 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। थोक में ही चीनी बढ़े हुए दाम पर मिल रहे हैं। -ईशान, व्यापारी
चीनी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव से कारोबार करना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से हमने चीनी की बिक्री बंद कर दी है। -श्याम सिंह, व्यापारी