मुरादाबाद में छात्र अगवा: बदमाशों ने रिक्शा लूटा, अधमरा कर कुंए में फेंका, रोने की आवाज सुन पुलिस को पता चला
मूंढापांडे सरकड़ा खास गांव निवासी ई रिक्शा चालक संजीव गुप्ता का बेटा नमन हाईस्कूल का छात्र है। वह ई-रिक्शा समेत सात सितंबर से गायब था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद के सरकड़ा खास गांव से तीन दिनों से लापता हाईस्कूल का छात्र कटघर स्थित कुएं में घायलावस्था में मिला। पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छात्र के सिर और गर्दन में गंभीर चोट लगी है। उसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि बदमाशों ने छात्र का ई-रिक्शा सहित अपहरण किया था।
मूंढापांडे सरकड़ा खास गांव निवासी ई-रिक्शा चालक संजीव कुमार गुप्ता का बड़ा बेटा नमन हाईस्कूल का छात्र है। वह भी पिता के काम में हाथ बंटाने के लिए ई-रिक्शा चलाता है। सात सितंबर को वह घर से ई-रिक्शा लेकर निकला था। देर रात घर नहीं लौटने पर पिता ने मूंढापांडे थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद पुलिस छात्र की तलाश करने लगी। रविवार को कटघर थाना क्षेत्र के जेड इंपैक्स फैक्टरी में कार्यरत मजदूर कृष्णा दोपहर दो बजे खाना खाने के लिए जा रहा था। तभी फैक्टरी से कुछ दूर स्थित कुएं में बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर मजदूर पहले डर गया, लेकिन जान बचाने की गुहार सुनने पर खुद को रोक नहीं सका। उसने कुएं में झांककर देखा तो एक किशोर जान बचाने की मदद मांग रहा था। उसने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को घटना से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही रामपुर दोराहा चौकी प्रभारी ओम शुक्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वह खुद छात्र को निकालने के लिए सीढ़ी के सहारे कुएं में उतर गए। पुलिस ने किशोर को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान किशोर ने अपना नाम पता बताया।
उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस ने तत्काल एबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल ले गया। सीओ हाईवे महेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल किशोर से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झांसा देकर बदमाशों ने बुलाया था
घायल नमन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ लोग दलपतपुर चौराहे पर मिले थे। उन्होंने कहा कि रामपुर दोराहे से खीरे की बोरियां उठाकर लानी हैं। बदमाश ई-रिक्शा बुक कराने के बाद उसके साथ चल दिए। इसके बाद किसी ने उसके सिर पर भारी चीज से हमला किया। इसके बाद उसे कुछ भी याद नहीं है। वहीं छात्र के पिता ने कहा कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि इस मामले में पुलिस के साथ ही एसओजी की टीम जांच में जुटी है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।