यूपी: हसनपुर में सांसद चंद्रशेखर का योगी सरकार पर हमला, बोले- कानून का इकबाल खत्म, हर हिसाब चुकता करना है
नगीना सांसद चंद्रशेखर ने हसनपुर की जनसभा में कानून व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई में कथित भेदभाव, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है और मौजूदा सरकार से अपने हर हिसाब का चुकता करना है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने हसनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है। अतीक अहमद और उसके भाई की पुलिस सुरक्षा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हमलावर पत्रकारों के वेश में आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। सभा के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब खुद को मीडियाकर्मी बताने वाला व्यक्ति मंच पर पीछे से चढ़ने की कोशिश करने लगा। कार्यकर्ताओं ने उसे रोक दिया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। इस घटनाक्रम के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंच से ही पुलिस-प्रशासन और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
बुलडोजर कार्रवाई पर पक्षपात का आरोप
चंद्रशेखर आजाद ने योगी सरकार पर बुलडोजर कार्रवाई में भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर के जरिये मुसलमानों, दलितों, पिछड़ों, मस्जिदों और मदरसों को निशाना बनाया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक, एक्सप्रेस-वे की खराब हालत और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा।
किसानों और बाढ़ पीड़ितों का मुद्दा उठाया
सांसद ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है और बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। उन्होंने एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग प्रदूषण की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन उन्हें रोजगार के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
16 महीने जेल में रखने का लगाया आरोप
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि निर्दोष होते हुए भी उन्हें सरकार ने 16 महीने जेल में रखा। जनसभा में हसनपुर विधानसभा प्रभारी चौधरी शाहनवाज इंकबाल, मंडल प्रभारी देवेंद्र बैंसला, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष विकेश कुमार, राजू खेबान, नासिर अली, अथर अहसान और हाफिज नूर मोहम्मद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।