{"_id":"63417456f5747650203bc710","slug":"snake-charmer-treating-dead-teenager-died-of-snakebite-in-bilari-of-moradabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"Moradabad: मृत किशोर का तीन दिन से इलाज कर रहे सपेरे, सर्पदंश से हो गई थी मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Moradabad: मृत किशोर का तीन दिन से इलाज कर रहे सपेरे, सर्पदंश से हो गई थी मौत
Sat, 08 Oct 2022 06:30 PM IST
अनुराग सक्सेना
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलारी (मुरादाबाद)
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलारी (मुरादाबाद)
Published by: अनुराग सक्सेना
Updated Sat, 08 Oct 2022 06:30 PM IST
सार
सपेरे दावा कर रहे हैं कि शनिवार रात 12 बजे तक बालक पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएगा। शनिवार सुबह थांवला गांव के पूर्व प्रधान डॉ. अनीस अहमद किशोर के घर पहुंचे और परिजनों को सलाह दी कि सपेरों की बातों में न आकर किसी विशेषज्ञ चिकित्सक को दिखाएं।
विज्ञापन
तीन दिन से मृत बच्चे को जिंदा करने का प्रयास कर रहे सपेरे
- फोटो : अमर उजाला-फाइल फोटो
विस्तार
कोतवाली के थांवला गांव में पांच दिन पहले रात में घर में किशोर को जहरीले सांप ने काट लिया। एक दिन बाद ही निजी चिकित्सकों ने परिजनों को किशोर के जीवित न रहने की बात बताई लेकिन उसी मृत किशोर का तीन दिन से सपेरे इलाज कर रहे हैं। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विज्ञापन
थांवला गांव के मोहल्ला कुरैशियान निवासी जावेद की क्षेत्र के सहसपुर गांव में मीट की दुकान है। जावेद के 10 वर्षीय बेटे मोहम्मद शाद को बीते सोमवार रात करीब 11 बजे घर में ही जहरीले सांप ने काट लिया। मंगलवार सुबह तक बालक की हालत काफी बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए पहले बिलारी नगर के एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। बाद में महानगर मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहां डॉक्टर ने किशोर के जीवित न रहने की बात कहते हुए घर वापस भेज दिया।
विज्ञापन
थांवला गांव वापस लौटने पर सपेरों ने बालक के परिजनों को विश्वास में लेकर यह दावा किया कि वह इलाज करके सांप का पूरा जहर खत्म कर देंगे और बालक पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगा। तीन दिन से किशोर को लंबे बांस आपस में बांधकर उन पर चार मिट्टी के घड़े रखकर तालाब के किनारे रखा गया है। इस इलाके की घेराबंदी करते हुए किसी को भी मौके पर जाने नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन
सपेरे दावा कर रहे हैं कि शनिवार रात 12 बजे तक बालक पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएगा। शनिवार सुबह थांवला गांव के पूर्व प्रधान डॉ. अनीस अहमद किशोर के घर पहुंचे और परिजनों को सलाह दी कि सपेरों की बातों में न आकर किसी विशेषज्ञ चिकित्सक को दिखाएं।
अंधविश्वास में न आकर सरकारी अस्पताल में कराएं इलाज : चिकित्साधीक्षक
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी के चिकित्साधीक्षक डॉ. हरीश चंद्रा का कहना है कि जहरीला सांप काटने से पीड़ित लोग और उनके परिजन किसीभी अंधविश्वास में न आएं और सपेरों की बातों में न आएं बल्कि सीधे सरकारी अस्पताल लाकर इलाज कराएं। चिकित्साधीक्षक के अनुसार सीएचसी बिलारी में एंटीस्नेक वैनम इंजेक्शन उपलब्ध है। यह इंजेक्शन लगाने से सांप काटने से पीड़ित कई लोग ठीक हो चुके हैं।