Railway News: राजधानी समेत छह ट्रेनें लेट, चार चंदौसी होकर चलीं, लूप लाइन निर्माण के चलते बदला गया रूट
रेलवे रामपुर और बरेली के बीच लूप लाइन का निर्माण करा रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों का रूट बदला गया है। उधर राजधानी एक्सप्रेस समेत छह रेलगाड़ियों का संचालन देरी से हुआ।
विस्तार
रामपुर-बरेली के बीच लूप लाइन निर्माण के कारण रेलयात्रियों की परेशानी 26 जून तक बढ़ गई है। शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें डेढ़ घंटा देरी से चलीं। जबकि गरीबरथ, असम असम एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों को रामपुर के स्थान पर चंदौसी होकर चलाया गया।
सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि 20 से 26 जून तक ब्लॉक लिया गया है। इस बीच नॉन इंटरलॉकिंग व लूप लाइन निर्माण किया जाएगा। शनिवार को (20504) नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस 75 मिनट, (15211) डिब्रूगढ़-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 75 मिनट लेट पहुंची।
(12204) अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 75 मिनट, (04096) आनंदविहार-अयोध्या स्पेशल एक्सप्रेस तीन घंटे, (12326) नंगलडैम-कोलकाता एक्सप्रेस 45 मिनट, (15128) नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 45 मिनट देरी से चली। यात्रियों को मुरादाबाद स्टेशन पर काफी इंतजार करना पड़ा।
इन ट्रेनों का बदल गया रूट
12204 अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस वाया चंदौसी
15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस वाया चंदौसी
12369 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस वाया चंदौसी
15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस वाया चंदौसी
अंबाला से सहरसा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
अंबाला से सहरसा के बीच मुरादाबाद होते हुए सोमवार 24 जून को एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। (04520) अंबाला छावनी-सहरसा स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन अंबाला रेल मंडल करेगा। यह ट्रेन केवल एक फेरा लगाएगी।
इसमें थर्ड एसी, स्लीपर व जनरल कोच शामिल रहेंगे। अंबाला से सोमवार शाम 745 बजे चलकर बुधवार सुबह 415 बजे सहरसा पहुंचेगी। रास्ते में मंडल के मुरादाबाद व बरेली स्टेशनों पर रुकेगी।