{"_id":"681283a4b86f7007cf07e729","slug":"six-accountants-caught-for-filing-wrong-income-certificate-reports-moradabad-news-c-276-1-smbd1006-107599-2025-05-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Moradabad News: आय प्रमाण पत्र की गलत रिपोर्ट लगाने में फंसे छह लेखपाल, हो रही जांच... कई प्रकरण आए सामने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Moradabad News: आय प्रमाण पत्र की गलत रिपोर्ट लगाने में फंसे छह लेखपाल, हो रही जांच... कई प्रकरण आए सामने
Thu, 01 May 2025 01:40 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलारी
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलारी
Updated Thu, 01 May 2025 01:40 AM IST
विज्ञापन
मुरादाबाद में डीएम अनुज सिंह निरीक्षण करते हुए (फाइल)
- फोटो : संवाद
आंगनबाड़ी वर्कर के रिक्त पद के आवेदन के लिए गहराई से जांच किए बिना आवेदकों की कम आय होने की रिपोर्ट लगाने में छह लेखपाल फंस गए हैं। तीन लेखपालों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू हो गई है तथा तीन लेखपालों के द्वारा भेजी गई जांच आख्या की राजस्व निरीक्षक से पुन: जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
आंगनबाड़ी वर्कर की नई नियुक्ति की सूची जारी होने पर नियुक्ति से वंचित रहे आवेदकों को पता चला कि उनके प्रतिद्वंद्वी आवेदक ने राजस्व कर्मियों से हमसाज होकर अपना कम आय होने का प्रमाण पत्र तहसील कार्यालय से जारी करा लिया। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने ऐसी शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए जब अधीनस्थ राजस्व अधिकारियों से जांच कराई तब छह लेखपालों की लापरवाही सामने आई।
विज्ञापन
तहसीलदार कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लेखपाल नाजिया सुल्तान द्वारा सतारन निवासी मोहम्मद आसिफ, लेखपाल अविनाश यादव द्वारा जलालपुर निवासी शाहनवाज हुसैन और लेखपाल फहीम हुसैन द्वारा ऊंचाकानी गांव निवासी कपिल कुमार की आय के आवेदन की जांच में लापरवाही बरतने पर तीनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
लेखपाल कपिल कुमार द्वारा ललवारा निवासी मेराज आलम और लेखपाल सचिन वर्मा द्वारा ताहरपुर निवासी मुनीर अहमद के आय प्रमाण पत्र की जांच में लापरवाही बरतने पर पुन: राजस्व निरीक्षक से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। लेखपाल सुमन भारती द्वारा बरेठा खिज्रपुर गांव निवासी बाबू हुसैन के ई डब्लयू एस के प्रमाण पत्र के आवेदन की जांच में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।
राजस्व विभाग के सूत्रों के अनुसार आय प्रमाण पत्र के आवेदनों की जांच में लापरवाही सामने आने पर लेखपाल मोहम्मद तहसीन और प्रदीप भारती की भी लापरवाही पकड़ में आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। तहसीलदार ने संबंधित लेखपालों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू किए जाने की पुष्टि की है।