Rampur: पुत्र ने सीएचसी प्रभारी की कुर्सी पर बैठ दिए निर्देश, विधायक पिता बोले- यह सम्मान, कोई दिक्कत नहीं
स्वार सीएचसी में विधायक पुत्र उमैर अंसारी के प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर निर्देश देने के वायरल वीडियो मामले में जांच शुरू हो गई है। दो सदस्यीय टीम ने करीब एक घंटे तक सीएचसी प्रभारी से पूछताछ की। उधर, विधायक ने कहा कि कोई उनका पुत्र का सम्मान करता है तो इसमें कोई परेशानी नहीं है।
विस्तार
विधायक पुत्र उमैर अंसारी के सीएचसी प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर दिशा निर्देश देने के मामले में दो सदस्यीय टीम ने स्वार सीएचसी पहुंकर करीब एक घंटे तक प्रभारी से बंद कमरे में पूछताछ की। बुधवार को दो सदस्यीय टीम में पहुंचे डॉ. आरके वर्मा और डॉ. सत्यमूर्ति तोमर ने स्वार सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार चंदेल से बंद कमरे में पूछताछ की।
जांच के बाद टीम के सदस्यों से जानकारी मांगी गई तब उन्होंने बताया कि जांच की गई है। रिपोर्ट सीएमओ को प्रेषित की जाएगी। गौरतलब है कि तीन अप्रैल को स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी के बेटे उमैर अंसारी सीएचसी पहुंचे थे।
इस दौरान उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद था। वहां पर सीएचसी प्रभारी की कुर्सी बैठकर दिशा निर्देश देते हुए विधायक पुत्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने दो सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच शुरू करा दी थी।
इस मामले को तोड़ मरोड़कर विरोधियों ने अनावश्यक रूप से तूल दिया है। मैं उस दिन बाहर था, इसलिए मरीजों से मिली शिकायतों की जानकारी लेने के लिए अपने बेटे को भेजा था, न कि किसी प्रकार का औपचारिक निरीक्षण कराया गया। यदि कोई उनके बेटे का सम्मान करता है तो इसमें किसी को क्या दिक्कत है। - शफीक अहमद अंसारी, विधायक स्वार
विधायक शफीक के बेटे का एक और वीडियो वायरल
स्वार से अपना दल एस के विधायक शफीक अहमद अंसारी के बेटे उमैर अंसारी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उमैर एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलकर अपनी कार के पास पहुंचते हैं तो दरबान के अंदाज में साथ चल रहा एक सिपाही दौड़कर गाड़ी का दरवाजा खोलता है।
विधायक पुत्र के स्वार सीएचसी के निरीक्षण और प्रभारी की कुर्सी पर बैठने की वीडियो क्लिप से शुरू हुई चर्चाएं थमने से पहले एक और वीडियो सामने आ जाने से सोशल मीडिया पर कमेंट का सिलसिला शुरू हो गया है। इस वीडियो को फेसबुक में डालने वाले शख्स ने लिखा है कि यह हैं स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक शफीक अंसारी के सुपुत्र उमैर अंसारी।
इनकी सुरक्षा में दो सुरक्षा कर्मी लगे हैं, जो कि इनकी गाड़ी का गेट खोलकर माननीय को गाड़ी में बैठा रहे हैं। क्या यह आधिकारिक रूप से इनकी सुरक्षा में लगे हैं या फिर माननीय विधायक की सुरक्षा में नियुक्त किए गए सुरक्षा कर्मी हैं, यह जांच का विषय है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
