Rampur Election Result: रामपुर में सपा को मिला नया मुस्लिम चेहरा, मुश्किल होगी आजम खां की सियासी डगर
रामपुर लोकसभा सीट पर मोहिब्बुल्लाह नदवी के जीत के साथ ही सपा को नया मुस्लिम चेहरा मिल गया है। इससे पार्टी के नेता आजम खां की सियासी डगर मुश्किल होगी। नदवी के प्रत्याशी घोषित होती है उनका रामपुर में विरोध शुरू हो गया था। इसके बाद भी वह विजयी रहे।
विस्तार
रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी की 87,434 मतों से जीत के साथ ही समाजवादी पार्टी को अब नया मुस्लिम चेहरा मिल गया है। अब पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां की सियासी डगर और मुश्किल होगी।
सपा नेता आजम खां इस समय सीतापुर जेल में बंद हैं।रामपुर सपा के कद्दावर नेता आजम खां का गढ़ रहा है। यहां से आजम खां 10 बार विधायक, प्रदेश सरकार में पांच बार मंत्री, एक बार सांसद और एक बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे।
इसके बाद भी अखिलेश यादव की रणनीति काम कर गई और मौलाना मोहिब्बुल्लाह विजयी रहे। वहीं रामपुर में सपा को आजम खां का विकल्प भी मिल गया।
रामपुर की तरक्की के लिए करूंगा काम : मौलाना नदवी
जीत के बाद सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हम लोगों को मोहब्बत का पैगाम देने के साथ रामपुर की तरक्की के लिए आए हैं।
रामपुर की राजनीति में पहली बार आया हूं, लेकिन नया नहीं हूं। रामपुर की तरक्की के लिए सीनियर नेताओं के साथ मिलकर काम करूंगा। स्वार क्षेत्र के रजानगर निवासी मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी दिल्ली पार्लियामेंट स्ट्रीट की जामा मस्जिद में करीब 15 साल से इमाम हैं।
वो सात बहन-भाइयों में दूसरे नंबर के हैं। उनकी शिक्षा हाफिज रामपुर गंज के फुरकानिया मदरसे से हुई। आलिम की डिग्री मोहल्ला नक्खासा मदरसा अंजुमन माविनल इस्लाम से ली। नदवातुल उलूम लखनऊ से मौलवियत की है। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामियां और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से भी शिक्षा हासिल की है।