Railway News: मुसीबत का सफर... दावा 90 मिनट का, ट्रेनें 12 घंटे हो रही लेट, पैसेंजर रेलवे स्टेशन पर बेहाल
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के लगातार देरी से पहुंचने का सिलसिला जारी है। अधिकांश ट्रेनें दो से लेकर 12 घंटे की देरी तक चल रही है। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकारियों के मुताबिक लूप लाइन निर्माण के चलते यह दिक्कत हो रही है।
विस्तार
लूप लाइन निर्माण और इंटरलॉकिंग के चलते ट्रेनें समय की पटरी से उतर गई हैं। ट्रेनें दो घंटे से 12 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इसके चलते हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को दरभंगा-दिल्ली स्पेशल 12 घंटे की देरी से मुरादाबाद पहुंची।
जबकि रेलवे ने इस ट्रेन के सिर्फ 90 मिनट की देरी से पहुंचने का दावा किया था। मुरादाबाद से लखनऊ के बीच कई जगह-जगह रेलवे ट्रैक पर कार्य चल रहा है। कहीं लूप लाइन का निर्माण चल रहा है तो कहीं इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है।
इसके कारण ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया जा रहा है। यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे पहले ही ट्रेनों के देरी का शेड्यूल जारी कर दिया था। लेकिन ट्रेनें जारी शेड्यूल से कहीं ज्यादा समय की देरी से पहुंच रही हैं।
रामपुर-बरेली के बीच लूप लाइन निर्माण के कारण (04067) दरभंगा-दिल्ली एक्सप्रेस को 90 मिनट देरी से दोपहर 1:30 बजे मुरादाबाद पहुंचना था, लेकिन ये ट्रेन दोपहर की जगह रात 1:40 बजे पहुंची। ट्रेन का दूसरा रैक 23 जून को दरभंगा से शाम छह बजे चलना था, लेकिन रात 10 बजे तक वहां से रवाना नहीं हो पाया।
इसके कारण सोमवार भी यह ट्रेन घंटों देरी से मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी तरह (12369) हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे देरी से पहुंची। रामपुर-बरेली के बीच दुगनपुर में लूप लाइन बनाने का काम 26 जून तक चलेगा।
रेलवे की घोषणा के मुताबिक 23 जून को (20506) नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, (12204) अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 75 मिनट देरी से चलनी थीं।
(15211) जननायक एक्सप्रेस को रास्ते में 30 मिनट, (15128) नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 45 मिनट, (05531) रक्सौल-आनंदविहार स्पेशल को एक घंटा व (04624) को दो घंटे रोककर चलाया जाना था लेकिन वास्तविकता इससे अलग रही।
चंदौसी होकर गुजारी गईं ये ट्रेनें
रामपुर-बरेली के बीच नॉन इंटरलॉकिंग व लूप लाइन निर्माण के कारण मुरादाबाद से गुजरने वाली चार ट्रेनों को चंदौसी होकर चलाया गया। इसमें (12369) हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, (15909) डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस, (12204) अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस व (15910) लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों से रामपुर जाने वाले यात्रियों को दूसरा विकल्प खोजना पड़ा।
आज ये ट्रेनें हो सकती हैं लेट
सोमवार को मुरादाबाद से गुजरने वाली कुछ ट्रेनें लेट हो सकती हैं। (13257) दानापुर-आनंदविहार जनसाधारण एक्सप्रेस लेट चल रही है। मुरादाबाद स्टेशन पर आने का इसका समय सुबह 7:20 बजे का है। यह ट्रेन दो घंटे लेट हो सकती है।
इसी तरह (05309) मऊ-आनंदविहार स्पेशल एक्सप्रेस का मुरादाबाद पहुंचने का समय सुबह 6:40 बजे का है। यह ट्रेन भी दो घंटे लेट हो सकती है। (14617) पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस का मुरादाबाद पहुंचने का समय सुबह सात बजे का है। इसके भी दो घंटे लेट पहुंचने की संभावना है।
विभिन्न स्थानों पर ट्रैक सुधार का कार्य चल रहा है। नई लूप लाइनें बनाई जा रही हैं। इस कारण यात्रियों को कुछ दिन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। 26 जून को ब्लॉक खत्म होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम
ये ट्रेनें रहीं लेट
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम कितनी लेट
04067 दरभंगा-दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 12 घंटे
12369 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 4:36 घंटे
13307 धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस 3:21 घंटे
12204 अमृतसर-सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 3 घंटे
15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 2 घंटे