शहीद एक्सप्रेस अग्निकांड मामला: कोच में पोटाश भरे बैग से लगी थी आग, बच्चे वाली गन भी मिली, इस शख्स की तलाश
शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में आग लगने पर आरपीएफ को एक बैग में पोटाश और बच्चे वाली गन मिली। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर फोरेंसिक जांच शुरू की गई है।
विस्तार
अमृतसर से जयनगर जा रही शहीद एक्सप्रेस के जिस स्लीपर कोच में शुक्रवार की रात आग लगी थी उस कोच से एक बैग में पोटाश और बच्चे वाली गन मिली। आरपीएफ ने बैग को कब्जे में ले लिया है। इसी बैग में आग लगी थी। फोरेंसिक टीम ने बैग की जांच पड़ताल की है। मुरादाबाद आरपीएफ थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बैग के स्वामी की तलाश की जा रही है।
अमृतसर से जयनगर जा रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में यात्री दीपक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सीट नंबर 66 और 67 पर सवार थे। ट्रेन रात करीब 11.15 बजे नगीना के पास पहुंची थी तभी उनके सीट के बराबर में रखे बैग से धुआं उठने लगा। इसके बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया था।
ट्रेन देर रात करीब 2:45 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी, जहां आरपीएफ की टीम ने कोच की जांच पड़ताल की। इस दौरान बैग में पोटाश और बच्चे वाली गन मिली। बैग खिलौना बेचने वाले व्यक्ति का बताया जा रहा है। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम संदिग्ध की तलाश में जुट गई है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और बच्चे वाली गन मिली है। इस मामले आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जांच के लिए बैग फोरेंसिक लैब भेजा
शहीद एक्सप्रेस के कोच से मिले बैग को जांच की जा रही है। आरपीएफ ने इसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। ताकि पोटाश और गन की जांच हो सके। साथ ही पोटाश की विस्फोटक क्षमता का पता लगाया जा सके।
खंगाले जा रहे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज
आरपीएफ की टीम ये पता लगाने में जुट गई है कि बैग किस यात्री था। इसके लिए स्टेशनों पर लगे कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि यह पता चल सके कि यात्री किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था।
कोच से उतर गए थे 80 यात्री
कोच में धुआं भरने पर यात्रियों ने चेन खींच दी थी। करीब 80 यात्री नीचे उतर गए थे। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हालत को सामान्य किया। इसके बाद रात 11:50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया था।
यह था मामला
नजीबाबाद से मुरादाबाद की तरफ आ रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार रात आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना नगीना रेलवे स्टेशन के पास रात 11:15 बजे हुई। कोच में धुआं भरने पर यात्रियों ने चेन खींची। करीब 80 यात्री नीचे उतर गए। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सामान्य किया। इसके बाद रात 11:50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रारंभिक तौर पर कोच में चार्जिंग सॉकेट के पास शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई। आग लगने और धुआं फैलने से यात्रियों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के लिहाज से कोच में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। सूचना पर रेलवे पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कोच में धुआं भरा होने के कारण यात्रियों को बाहर ही रखा गया। इस दौरान आग बुझाने के साथ बिजली के तारों की जांच की गई। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे तक काम कर बिजली के सभी तार दुरुस्त किए और कोच को सामान्य किया। इसके बाद यात्रियों को दोबारा कोच में बैठाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।