Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   People of Moradabad... your Ramganga is becoming polluted, and the Gangan is in a bad state too.

Moradabad News: मुरादाबाद वालों... मैली हो रही अपनी रामगंगा, गांगन का भी बुरा हाल

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 02:29 AM IST
विज्ञापन
People of Moradabad... your Ramganga is becoming polluted, and the Gangan is in a bad state too.
- रामगंगा में 21 और गांगन में गिर रहा तीन नालों का पानी, रामगंगा के 10 नाले एसटीपी से नहीं जुड़े
विज्ञापन

- कार्तिक पूर्णिमा के दिन दोनों नदियों में लोग लगाएंगे आस्था की डुबकी


अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। नदी किनारे पहुंचते ही रामगंगा और गांगन की स्वच्छता के दावों की हकीकत सामने आ जाती है। रामगंगा में 21 और गांगन में तीन नालों का गंदा पानी गिर रहा है। रामगंगा में गिरने वाले 10 नाले एसटीपी से पूरी तरह नहीं जुड़े हैं, जबकि गांगन के तीनों नालों के पानी के शोधन की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। दोनों नदियां गंदे पानी के साथ अतिक्रमण की मार भी झेल रही हैं। विडंबना यह है कि कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु इन्हीं नदियों में आस्था की डुबकी लगाएंगे।
दोनों नदियों में गिरते नालों का यह दृश्य तब है, जब शहर में सीवेज के शोधन के लिए एसटीपी संचालित हैं और नए प्लांट बनाने की योजनाएं भी चल रही हैं।सरकारी आंकड़े भी इस स्थिति की पुष्टि करते हैं। जल जीवन मिशन के 10 नवंबर 2026 तक के रिकॉर्ड के अनुसार शहर के 24 प्रमुख नालों में से 10 ऐसे हैं, जिनका पानी एसटीपी तक पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं है। इनसे निकलने वाला 58.09 एमएलडी गंदा पानी बिना शोधन के सीधे रामगंगा में पहुंच रहा है। सात नालों का पानी आंशिक रूप से एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है। केवल सात नालों का पानी पूरी तरह एसटीपी तक पहुंच रहा है।
विज्ञापन

जिन नालों का पानी एसटीपी तक पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है, उनमें करुला, चंदौसी रोड का बायां नाला, दिल्ली रोड के नाले, विवेकानंद अस्पताल के दोनों नाले, एमआईटी, मोक्षधाम और टीडीआई सिटी के नाले शामिल हैं। वहीं झब्बू का नाला, घोसियान, कटघर रेलवे स्टेशन, कूड़ाघर, बरवलान, जामा मस्जिद का दायां नाला और डहेरिया का नाला आंशिक रूप से एसटीपी से जुड़े हैं। नवाबपुरा के दोनों नाले, प्रभात मार्केट, चक्कर की मिलक, जिगर कॉलोनी, लालबाग और जामा मस्जिद का बायां नाला एसटीपी से जुड़े हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन




रामगंगा में 21 और गांगन में तीन नालों का पानी

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की जिला गंगा योजना के मुताबिक शहर के 24 प्रमुख नालों में से 21 का पानी रामगंगा और तीन नालों का पानी गांगन की ओर जाता है। जल जीवन मिशन के रिकॉर्ड के अनुसार रामगंगा में गिरने वाले 10 नाले एसटीपी से पूरी तरह नहीं जुड़े हैं। इनमें सात नालों का पानी आंशिक रूप से एसटीपी तक पहुंच रहा है, जबकि तीन नालों का पानी बिना किसी शोधन व्यवस्था के नदी में जा रहा है। गांगन में गिरने वाले तीनों नालों के पानी के शोधन की भी व्यवस्था नहीं है। शहर में गुलाबबाड़ी का 58 एमएलडी, चक्कर की मिलक का 25 एमएलडी और नया मुरादाबाद का 20 एमएलडी क्षमता वाला एसटीपी संचालित है। तीनों की कुल क्षमता 103 एमएलडी है, लेकिन सरकारी आंकड़ों के अनुसार इनका वास्तविक उपयोग केवल 56.73 एमएलडी है। इसके अलावा बुद्धि विहार में 15 एमएलडी और चंदौसी रोड पर 65 एमएलडी क्षमता के दो नए एसटीपी प्रस्तावित हैं। दोनों परियोजनाएं टेंडर प्रक्रिया में हैं। इनके बनने के बाद पांच ऐसे नालों को एसटीपी से जोड़ने की योजना है, जिनका पानी अभी सीधे नदी में जा रहा है।

कौन बनेगा भागीरथ, कब मिलेगी नदियों को कब्जों से मुक्ति
रामगंगा और गांगन को प्रदूषण के साथ अतिक्रमण की भी मार झेलनी पड़ रही है। गांगन नदी की स्थिति ज्यादा खराब है। एक रिपोर्ट के मुताबिक मुरादाबाद में करीब 55 किलोमीटर के दायरे में बहने वाली इस नदी पर लगभग 1500 अवैध कब्जे हैं। कभी 100 मीटर चौड़ी रही नदी कई स्थानों पर सिमटकर महज 10 से 15 मीटर रह गई है। नदी की जमीन पर फैक्टरियां, निर्माण और खेती तक हो रही है। रामगंगा के लालबाग से कटघर और जिगर कॉलोनी तक नदी के डूब क्षेत्र में भी निर्माण हो चुके हैं। वर्ष 2023 में कुछ निर्माणों पर लाल निशान लगाकर कार्रवाई हुई थी, लेकिन इसके बाद कब्जे हटाने का अभियान आगे नहीं बढ़ा। आखिर दोनों नदियों को कब्जामुक्त कराने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।



वर्जन
शहर में 58 एमएलडी और 25 एमएलडी क्षमता के एसटीपी संचालित हैं। 58 एमएलडी वाले एसटीपी से करीब 35 एमएलडी और 25 वाले से करीब 22 एमएलडी पानी शोधित हो रहा है। पांच से सात नालों का पानी फिलहाल एसटीपी तक नहीं पहुंच रहा है, जिन्हें एसटीपी से जोड़ने के लिए कार्य चल रहा है। इस वित्तीय वर्ष में दो एसटीपी का काम शुरू हो जाएगा।

- विनय रावत, अधिशासी अभियंता, जल निगम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed