{"_id":"68cbbd86bb3159efe90a5f2f","slug":"murder-in-moradabad-body-found-with-hair-pulled-out-and-severe-head-injuries-crime-scene-near-gagan-river-2025-09-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुरादाबाद में युवक की हत्या: उखड़े बाल और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, गागन नदी किनारे फेंका गया था शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुरादाबाद में युवक की हत्या: उखड़े बाल और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, गागन नदी किनारे फेंका गया था शव
Thu, 18 Sep 2025 01:37 PM IST
विमल शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, पाकबड़ा (मुरादाबाद)
संवाद न्यूज एजेंसी, पाकबड़ा (मुरादाबाद)
Published by: विमल शर्मा
Updated Thu, 18 Sep 2025 01:37 PM IST
सार
मुरादाबाद में युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव गागन नदी के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
पाकबड़ा में योगेश की हत्या
- फोटो : संवाद
विस्तार
गुरेठा गांव निवासी योगेश (21) पुत्र जागेंद्र की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव गागन नदी के किनारे श्मशान घाट के पास पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोटों के निशान और बाल उखड़े हुए थे। इसके अलावा पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया था।
विज्ञापन
शव की हालत देखकर परिजन और ग्रामीण दहशत में आ गए। योगेश घर का सबसे छोटा बेटा था। उसके पिता जागेंद्र टीएमयू में सफाई कर्मचारी हैं। मां उषा, भाई उमेश और संजय तथा बहन सलोनी के साथ पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने बताया कि योगेश पेंटर का काम करता था।
विज्ञापन
वह बुधवार को साइकिल लेकर काम पर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिवारजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। सुबह ग्रामीणों ने श्मशान घाट के पास शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
विज्ञापन
बाद में क्षेत्र में चर्चा होने पर मृतक का फोटो परिजनों को दिखाया गया। तब जाकर उसकी पहचान हो सकी। घटनास्थल से योगेश का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने समय रहते पहचान कराई होती तो उन्हें पूरी रात भटकना न पड़ता।
ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आशंका के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में गहरा आक्रोश है।