मुरादाबाद। नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर की प्रिंस रोड, गलशहीद क्षेत्र में अभियान चलाकर मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाया। ठेली, फड़ वालों को हटवा दिया गया, जबकि दुकान के बाहर रखा दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया। जुर्माना वसूलकर भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
नगर निगम के रिवेन्यू अधिकारी प्रवर्तन दल के साथ प्रिंस रोड पर पहुंचे। यहां मुख्य मार्ग पर कई ठेली वाले खड़े थे। दुकानों के आगे फल, चाट पकौड़ी आदि समान की ठेलियां लगीं थीं। टीम को देखते ही ठेल-ढकेल वाले खिसकने लगे। दुकानों के आगे भी कई व्यापारियों ने काउंटर और लोहे के तख्त आदि डाले हुए थे। टीम ने इन्हें जब्त करके अपनी ट्राली में भर लिए। कई व्यापारियों ने सामान छुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे वापस नहीं दिया। टीम ने कुछ दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकान के बाहर ठेली वालों को खड़ा न होने दें और किसी की फड़ न लगवाएं ऐसा करने से सड़क घिरती है और आवागमन में परेशानी होती है। यदि ठेली या फड़ वाले उनकी दुकान के आगे मिले तो माना जाएगा कि उन्होंने ही उन्हें बैठाया है। इस पर निगम कार्रवाई करेगा। टीम ने कई दुकानदारों की रसीद काटकर जुर्माना भी वसूला। प्रवर्तन दल के फिदा हुसैन ने बताया कि टीम ने मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटवाकर सड़क को खाली करा दिया है।