पेट में सोने के कैप्सूल कांड में नया खुलासा: जुल्फेकार 45 और अजहरुद्दीन 10 बार गया दुबई, कई किलो सोना लेकर आए
दुबई से लौटे चारों तस्करों के पेट से सोने के कुल 29 कैप्सूल निकले, जिनका वजन एक किलो 100 ग्राम से अधिक है। जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, इस मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।
विस्तार
पुलिस ने सोना तस्करों की ट्रेवल हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी। सोना तस्करी में जेल भेजा गया टांडा निवासी जुल्फेकार पिछले पांच साल में 45 बार दुबई जा चुका है। इसके अलावा उसका साथी अजहरुद्दीन भी 10 बार दुबई की सैर कर चुका है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों तस्कर करोड़ों का सोना ला चुके हैं। वह मोबाइल नंबरों के जरिये पुलिस सोना तस्करी गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
दुबई से सोने की तस्करी करने के आरोप में जेल भेजे गए रामपुर जिले के टांडा निवासी शाने आलम, मुत्तलीब, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार लंबे समय से तस्करी कर रहे थे। जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, इस मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। इस गिरोह में शामिल तस्कर जुल्फेकार ने 2020 में पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद से अब तक वह 45 बार दुबई जा चुका है।
पुलिस का दावा है कि वह हर बार तस्करी कर दुबई से सोना लाया। अब तक वह करोड़ों का सोना ला चुका है। इसके अलावा अजहरुद्दीन 10 बार और शाने आलम व मुत्तलीब भी कई बार दुबई जा चुके हैं। सभी आरोपी अब तक कई किलो सोने की तस्करी कर चुके हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में विवेचना जा रही है। चारों तस्करों और एक फाइनेंसर जाहिद मेंबर को जेल भेजा जा चुका है। अन्य की तलाश की जा रही है।
चार रास्तों से दुबई पहुंच रहे तस्कर
सोने के तस्कर दुबई जाने के लिए चार रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह कभी दिल्ली, मुंबई, लखनऊ तो कई बार नेपाल के रास्ते से दुबई जाते हैं।
चारों तस्करों के पेट से 29 कैप्सूल निकाले
दुबई से लौटे चौथे तस्कर मुत्तलीब के पेट से बुधवार को एक और कैप्सूल निकाला गया। चारों तस्करों के पेट से सोने के कुल 29 कैप्सूल निकले, जिनका वजन एक किलो 100 ग्राम से अधिक है। बुधवार शाम पुलिस ने आरोपी मुत्तलीब को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं सोना तस्करी गिरोह से जुड़े दो अन्य फाइनेंसरों और एक डॉक्टर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। रामपुर जिले के टांडा निवासी मो. नावेद और जाहिद 23 मई को सऊदी अरब से लौटे थे।
दिल्ली एयरपोर्ट से इन्हें टांडा निवासी कार चालक जुल्फेकार लेकर टांडा लौट रहा था। इनकी कार में दुबई से लौट रहे शाने आलम, मुत्तलीब, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार सवार हो गए। दुबई से लौट रहे लोगों को बदमाशों ने मुरादाबाद में अगवा कर लिया था। इनके साथ मो. नावेद और जाहिद भी अगवा कर लिए थे। पुलिस ने इन सभी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया था। जिला अस्पताल में दुबई से लाैटे चारों तस्करों के पेट से सोमवार 27 कैप्सूल निकाल लिए थे।
तीन तस्कर भेज भेज दिए थे लेकिन मुत्तलीब के पेट से दो कैप्सूल होने के कारण उसे दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को एक और बुधवार को दूसरा कैप्सूल निकाला गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बुधवार को आरोपी मुत्तलीब को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। इस मामले में तीन तस्कर और एक फाइनेंसर जाहिद मेंबर को कोर्ट में पेश करने के बाद पहले ही जेल भेजा गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
खाड़ी देशों की यात्रा करने वालों के पासपोर्ट का होगा सत्यापन
सोने की तस्करी के मामले में टांडा के युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि जिले में जिन लोगों ने दुबई और सऊदी अरब की यात्रा की है, उन सभी लोगों के पासपोर्ट का सत्यापन कराया जाएगा। इनमें टांडा क्षेत्र के करीब 20 लोग हैं, जिन्हें रडार पर रखा गया है। इसके लिए एलआईयू और पुलिस अधिकारियों की टीम बनाई गई है। दुबई और सऊदी अरब जाने वाले कुछ लोग लालच में फंस जाते हैं।
इस मामले में जिले का टांडा कस्बा बदनाम हो चुका है। सूत्रों की मानें तो सोने की तस्करी का यह गोरखधंधा यहां 15 वर्षों से फल फूल रहा है। पहले गुटखे के बदले सोने की तस्करी होती थी। बाद इनका नेटवर्क मजबूत हो गया तो कई गिरोह सक्रिय हो गए। मुरादाबाद में यहां के चार युवकों के पकड़े जाने के बाद से जिला पुलिस इन पर नजर रख रही है, लेकिन अब पकड़े गए युवकों के जेल जाने और निर्दोष मिलने पर दो को छोड़े जाने के बाद पुलिस अन्य की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: UP Encounter: लॉरेंस बिश्नोई का सिर पर हाथ, हाशिम बाबा का साथ... शार्पशूटर नवीन का पुलिस ने ऐसे किया खेल खत्म