मुरादाबाद: लोधीपुर राजपूत गांव में करंट लगने से दो युवक झुलसे, उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया
लोधीपुर गांव में छत पर खेलते समय दो बच्चे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए हायर सेंटर दिल्ली ले जाया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
विस्तार
लोधीपुर में छत पर खेल रहे सात और आठ साल के दो बच्चे रविवार की शाम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। झुलसे दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय डॉक्टरों के इनकार करने पर परिजन दोनों को इलाज के लिए दिल्ली लेकर गए हैं। लोधीपुर निवासी इमरान का पुत्र तैमूर (08) और शाहिद का पुत्र समद (07) दोनों युसूफ और सईद की छत पर चढ़कर शाम को खेल रहे थे।
लगभग सात बजे दोनों छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन की विद्युत लाइन के चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। झुलसे बच्चों को लेकर परिजन कांठ रोड स्थित काॅसमास अस्पताल गए। डाॅक्टरों ने दोनों को अन्यत्र जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन दोनों को लेकर दिल्ली चले गए। घटना के चलते लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों ने विद्युत तार गुजरने वाले छतों पर बच्चों को जाने पर रोक लगा दी है।
तार हटाने के लिए बना था एस्टीमेट
लोधीपुर के रहने वाले यूसुफ और उनके पुत्र ने बताया कि छत के ऊपर से गुजर रही तीन फुट छत से ऊंची है। इस लाइन को हटाने के लिए एक साल से शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों से की गई। इस मामले में सपा नेता युसूफ अंसारी के पैरवी करने पर तार हटाने के लिए एस्टीमेट भी तैयार किया गया लेकिन मामला तस का जस पड़ा हुआ है। कुछ दिनों पहले विद्युत तार की चपेट में आने से बकरों की मौत हो गई थी। गांव के लोग बच्चों के ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।