Moradabad: देशभक्ति का जज्बा भरेगा शाैर्य पथ, वीरों को मिलेगा सम्मान, परमवीर चक्र विजेताओं की लगेंगी प्रतिमाएं
दिल्ली रोड से वार मेमोरियल तक मुरादाबाद में प्रदेश का पहला शौर्य पथ बनाया जा रहा है। यह शहरवासियों में देशभक्ति का जज्बा भरेगा। नगर निगम 50 लाख रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 21 परमवीर चक्र विजेताओं और 51 वीर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली रोड से वार मेमोरियल तक बनने वाला शाैर्य पथ शहरवासियों में देशभक्ति का जज्बा भरेगा। यह प्रदेश का पहला शौर्य पथ होगा। इसका निर्माण शुरू हो चुका है। इस पथ पर देश के 21 परमवीर चक्र विजेताओं और 51 वीर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। चार जून को सीएम योगी के संभावित दौरे से पहले निर्माण पूरा किए जाने की योजना है।
नगर निगम 50 लाख रुपये की लागत से सर्किट हाउस के पीछे इस शौर्य पथ का निर्माण डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग पर कराएगा। पथ पर पड़ने वाले दो प्रमुख चौराहों को विशेष स्वरूप दिया जाएगा। एक चौराहे को परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के नाम पर सेना चौक के नाम से जाना जाएगा, जहां उनकी टैंक पर सवार ऐतिहासिक मूर्ति स्थापित होगी।
वहीं, दूसरा चौराहा शहीद चौक कहलाएगा, जहां भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की भव्य प्रतिमा लगेगी। शौर्य पथ पर दोनों ओर वीरों की मूर्तियां लगाई जाएंगी, जो 1947 से अब तक शहीद हुए जांबाजों की गौरवगाथा को दर्शाएंगी। इन मूर्तियां पर ही वीरों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी जाएगी।
21 परमवीर चक्र विजेताओं की प्रतिमाएं बनकर आ चुकी हैं। सोमवार से प्रतिमाएं लगवाने का काम शुरू होगा।
इन 21 परमवीर चक्र विजेताओं की लगेंगी प्रतिमाएं
मेजर सोमनाथ शर्मा, सेकंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणे, नाइक जदुनाथ सिंह, लांस नायक अल्बर्ट एक्का, फ्लाइंग अफसर निर्मल जीत सिंह सेखों, हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत, लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, लांस नायक करम सिंह, कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया, मेजर धन सिंह थापा, सूबेदार जोगिंदर सिंह, मेजर शैतान सिंह, हवलदार अब्दुल हमीद, लेफ्टिनेंट कर्नल अर्देशिर तारापोरे, मेजर होशियार सिंह, नायब सूबेदार बाना सिंह, मेजर रामास्वामी परमेश्वरन, कैप्टन मनोज पांडेय, ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव, राइफलमैन संजय कुमार और कैप्टन विक्रम बत्रा। इनके अतिरिक्त 51 अन्य वीर शहीदों की प्रतिमाएं भी पथ पर स्थापित होंगी।
चार एकड़ की भूमि पर तैयार होने वाले वार मेमोरियल में ऑपरेशन सिंदूर भी लोग देख सकेंगे। वार मेमोरियल में बनाए जा रहे 48 सीटों वाले थियेटर में भारत के आजाद होने के बाद के सभी युद्ध और ऑपरेशन को भी दिखाया जाएगा। यह सब सिम्युलेटर तकनीक की मदद से दिखाया जाएगा।
वार मेमोरियल पर निगम 25 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है, जहां भारतीय सेना के हथियार, मिग-27 और टैंक जैसी चीजें भी लोग देख सकेंगे। शौर्य पथ पर सोलर और हाईटेक लाइटिंग की व्यवस्था भी होगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे।
युवा पीढ़ी को देश के वीरों की शौर्यगाथा से रूबरू कराने के लिए यूपी के पहले शौर्य पथ का निर्माण कराया जा रहा है। सेना चौक पर अब्दुल हमीद और शहीद चौक पर फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की मूर्तियां स्थापित होंगी। - दिव्यांशु पटेल, नगर आयुक्त